छाेटे भाई की पत्नी राशन डीलर, अपार्टमेंट व 70 बीघा जमीन के मालिक सिंगोदड़ा सरपंच के परिवार ने 12 क्विं. गेहूं व 91 लीटर केराेसिन उठा लिया

, No Comments

खाद्य सुरक्षा योजना में रसूखदार फर्जीवा़ड़ा कर गरीबों का निवाला छीन रहे हैं। सिंगोदड़ा ग्राम पंचायत में राशन डीलर कृष्णा देवी के जेठ सरपंच महेश, सरपंच के एयरफोर्स में कार्यरत बेटे विकास, नोटेरी पब्लिक पति राजेंद्रकुमार व ससुर गणेशाराम ने चार साल में 11.89 क्विंटल गेहूं राशन उठा लिया। वहीं लक्ष्मणगढ़ के भोजासर बड़ा के राशन डीलर ने सरकारी कार्मिकों और गांव से बाहर रहने वालों के नाम से 16 क्विंटल गेहूं व 63 लीटर केरोसीन उठा लिया।
पड़ताल में सामने आया कि सीकर जिले के 1100 से ज्यादा सरकारी कर्मचारी गरीबों के हिस्से का राशन खा रहे हैं। कई तो इनकम टैक्स तक भर रहे हैं। शिकायत के बावजूद प्रशासन और मंत्री स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
^डालमास के राशन डीलर द्वारा लाभार्थियों के दुर्व्यवहार के मामले में तहसीलदार की रिपोर्ट पर निलंबित किया गया है। दूसरों के नाम से राशन उठाया है तो कार्रवाई की जाएगी। सिंगोेदड़ा की राशन डीलर को परिवार के नाम से राशन उठाने के मामले में नोटिस दिया गया है। जवाब मिलते ही कार्रवाई कर दी जाएगा।
महेंद्रसिंह नूनिया, डीएसओ

केस 1. सिंगोदड़ा सरपंच व डीलर के पूरे परिवार ने छीन लिया गरीबाें के हिस्से का राशन व केराेसिन
सिंगोदड़ा में राशन डीलर व सरपंच के परिवार ने फर्जीवाड़ा कर 11.89 क्विंटल गेहूं व 91 लीटर केरोसिन उठाया। डीलर के पति नोटेरी पब्लिक राजेंद्र कुमार ने 23 फरवरी 2016 से लेकर 28 जून 2019 तक 6.60 क्विंटल गेहूं और 65 लीटर केराेसिन उठाया है। सरपंच महेश कुमार ने 22 जनवरी 2016 से 28 जून 2019 तक 3.39 क्विंटल राशन का गेहूं उठाया है। सरपंच के बेटे विकास ने 31 अक्टूबर 2016 से 28 जनवरी 2019 तक 1.50 क्विंटल गेहूं और 9 लीटर केराेसिन उठाया है। सरंपच के पिता गणेशाराम ने 31 जुलाई 2016 से 12 अगस्त 2017 तक 40 किलो गेहूं, 17 लीटर केरोसिन उठाया है। जबकि कई पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इसलिए योजना के हकदार नहीं

सरपंच महेश कुमार ढेवा व भाई राजेंद्रकुमार के नाम लक्ष्मणगढ़ में कॉमर्शियल अपार्टमेंट है। पिता गणेशराम के नाम करीब 70 बीघा जमीन व लक्ष्मणगढ़ में दुकान है। सरपंच ने चुनाव के नामांकन के शपथ पत्र में खुद को आयकर दाता बताया।
कार्रवाई : फर्जीवाड़ा कर परिवार के नाम से राशन उठाने के मामले में राशन डीलर को नोटिस दिया गया है। डीएसओ राशन डीलर के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
केस 2. भाेजासर में राशन डीलर ने 16 क्विं. गेहूं व 63 लीटर केराेसिन उठा लिया, मामला तक दर्ज नहीं हुआ

भोजासर बड़ा में राशन डीलर रामप्रसाद शर्मा ने सरकारी कर्मचारियों के नाम से भी राशन उठाया गया। शिक्षक शिवकरण सिंह, शीशराम, सुरेंद्र कुमार, संदीप और सुभाष कुमार सरकारी कार्मिक है। उनके नाम भी खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गेहूं उठाया गया है। लक्षमणगढ़ एसडीएम कुलराज मीणा ने पांच सरकारी कर्मचारियों 5.99 क्विंटल गेहूं उठाने पर 16 हजार 173 रुपए विभाग में जमा करवाने का नोटिस दिया। जवाब में कार्मिकों ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा कोई राशन नहीं उठाया गया है।
डालमास के वार्ड सात निवासी घनश्याम कुमावत लंबे समय से चूरू में रहते हैं। इनके नाम से चार साल में 4.20 क्विंटल राशन व 32 लीटर केरोसिन उठाया गया। इसी तरह रामपाल बलाई, रामनिवास, सेडूराम, रामस्वरूप के नाम 6 क्विंटल से ज्यादा राशन व 63 लीटर केरोसीन उठा लिया।
इसलिए योजना के हकदार नहीं
सरकारी कर्मचारी को खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र नहीं माना गया है। सालाना एक लाख रुपए से कम आमदनी और असिंचित 18 व सिंचित आठ बीघा से ज्यादा जमीन वाला व्यक्ति योजना में शामिल नहीं हो सकता है।
कार्रवाई : अनियमितता के मामले में राशन डीलर को सस्पेंड कर दिया। लेकिन इसके खिलाफ मुकदमा नहीं किया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सिंगोदड़ा सरपंच व उसके भाई का लक्ष्मणगढ़ में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स।


source https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/sikar/news/the-family-of-singodada-sarpanch-the-wife-of-chhette-bhai-the-ration-dealer-the-owner-of-the-apartment-and-70-bighas-of-land-did-12-quins-lifted-wheat-and-91-liters-of-kerasin-127372721.html

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें