अक्टूबर का महीना काेराेना के नाम ही रहा। तेजी से काेराेना वायरस का संक्रमण फैला। शनिवार को जिले में 117 नए कोरोना रोगी मिले। सेतिया फार्म निवासी एक पॉजिटिव रोगी की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में अब तक मिलने वाले पॉजिटिव रोगियों की संख्या 5126 हो चुकी है। अक्टूबर में 2971 कोरोना रोगी मिले। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में शनिवार को जिले में 84 पॉजिटिव रोगी ही मिलना बताया
जा रहा है। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 3640 रोगी पॉजिटिव हुए हैं।सेतिया फार्म निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। वहां कोरोना सैंपल की टेस्टिंग करवाने पर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीती रात उनकी इलाज के दौरान ही मृत्यु हो गई। जिले में कोरोना की वजह से अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है। मार्च में कोरोना संक्रमण शुरू होने के बाद
श्रीगंगानगर जिले में पहला रोगी 20 मई को मिला। जिले में मई में 6 रोगी, जून में 52, जुलाई में 185, अगस्त में 583 और सितंबर में 1329 रोगी मिले। इन पांच महीनों में 2155 पॉजिटिव रोगी मिले। अक्टूबर में कोराेना रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी। इस महीने 13 दिन ऐसे भी रहे जब नए रोगियों का शतक लगा। इन शतक वाले 13 दिनों में 1731 रोगी मिले। एक महीने में सर्वाधिक 186 रोगी मिलने का रिकॉर्ड भी इसी महीने बना।
नगर में भाजपा की ओर से लाैह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती शहर मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्रसिंह की अध्यक्षता में मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मंडल प्रभारी विष्णु गोयल ने सरदार बल्लभ भाई के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्हाेंने बताया कि सरदार पटेल राष्ट्रभक्त राजनेता थे। जिन्होंने अनेकों रियासतों में बटे भारत को एकता के सूत्र में बांधा।
स्वतंत्र भारत की अखंडता सरदार पटेल के सफल व सुगठित नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। इस अवसर पर मंडल प्रभारी विष्णु गोयल, सहप्रभारी विजेंद्र गौतम, महामंत्री देवकीनंदन परिहार, उमाशंकर बैरवा, उपाध्यक्ष रिंकु सोनी, रमेशचंद नागर, मंत्री टीकम गुर्जर, प्रहलाद महावर, मुकेश भारती, हरिशंकर पंकज, छोटुलाल शर्मा, भंवरसिंह शामिल थे।
उधर, सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती नगर के आस्था महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। प्राचार्य डॉ. कमलेश दायमा ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डॉ. पीतांबरदत्त शर्मा, कमलेश्वर मीणा, श्याम बिहारी नायक, कृष्ण कुमार नेनिवाल व सरदारसिंह गुर्जर शामिल रहे।
वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय खोड़ावदा में सरदार पटेल की जयंती एकता दिवस के रूप में कार्यवाहक प्रधानाचार्य तेजकरण सुमन की अध्यक्षता में मनाई गई। सभी सदस्यों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर तेजकरण सुमन, अशोक कुमार महावर, प्रेम कुमार शास्त्री, वसीम खान, कमल शर्मा, शिमला चौधरी, शिमला कुमारी, शमीम बानो, शबनम बानो, सुशीला गौत्तम, मीना चौहान, रेखा शर्मा साथ थे।
सुल्तानपुर. नगर में युवक कांग्रेस की ओर से शनिवार को लाेहपुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने सरदार व इंदिरा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डाला। साथ ही केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
इस मौके पर पीसीसी सदस्य भानुप्रताप सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सदाकत पठान, जिला मीडिया प्रभारी रवि शर्मा, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष शुभम शर्मा, निर्मल गोचर, हनुमान मेरोठा, अजय मेघवाल, शोभाग, सचिन मेघवाल शामिल थे।
दीगोद. क्षेत्र में एसपी शरद चौधरी के निर्देशन में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। इसके तहत स्थानीय थाने में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए बनाने की शपथ ली। एसएचओ नन्दसिह ने पुलिसकर्मियों काे राष्ट्रीय एकता दिवस की जानकारी दी।
कुंदनपुर. कस्बे के राजकीय विद्यालय में लोह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर अध्यापकों ने एकता बनाये रखने की शपथ ली। अध्यापक रामकल्याण मेघवाल ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर सभी अध्यापकों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर एकता बनाए रखने की शपथ ली।
त्याेहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे शुद्ध के लिए युद्ध अभियान में सैंपलिंग की रफ्तार ज्यादा तेज नहीं हो पा रही है। विशेष टीम एक दिन में चार से पांच सैंपल ही भर रही है। 26 अक्टूबर से शुरू हुए अभियान में अब तक छह दिनों में 26 सैंपल भरे जा चुके हैं। शनिवार को अभियान के छठे दिन रायसिंहनगर में खाद्य पदार्थों के विक्रेता 4 प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण की कार्रवाई करते हुए 5 सैंपल
भरे। यहां एक फर्म पर मिलावटी होने के संदेह में 170 किलो घी नष्ट भी करवाया गया। जिला मुख्यालय के बाद पदमपुर, अनूपगढ़ और रायसिंहनगर कस्बे में कार्रवाई की जा चुकी है। फैक्ट्री में पिसे हुए मसालों में मिलावट होने के संदेह में सैंपलिंग की गई।
सैंपलों की लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी
अभियान के तहत गठित विशेष टीम ने रायसिंहनगर में फर्म दीपक एंड कंपनी एंड कंपनी पर निरीक्षण की कार्रवाई की। यहां प्लेन थैलियों में घी पैक किया हुआ था। इस पर न तो कोई मार्का था और न ही मैन्यूफैक्चरिंग व एक्सपायर होने की तारीख प्रिंट थी। दुकानदार ने खुद के स्तर पर घी बनाना बताया। तब घी की एक थैली खोलकर देखा तो इसमें पीलापन ज्यादा था। एफएसओ लक्ष्मीकांत के अनुसार सामान्यत: घी
ज्यादा पीले रंग का नहीं होता है। इसमें पीले रंग की मिलावट होने का संदेह था। घी पुराना प्रतीत हो रहा था। ये घी 170 किलोग्राम था, जिसे 12 टीके के पास नगरपालिका के कचरा संग्रहण केंद्र पर नष्ट करवा दिया गया। इस दुकान से घी का एक सैंपल लिया गया है। मसाला बनाने वाली फर्म जिंदल इंडस्ट्रीज पर भी िनरीक्षण की कार्रवाई की। इसमें पिसे हुए मसाले मिर्च, हल्दी आदि थे। इसमें मिलावट होने के संदेह में हल्दी
पाउडर और मिर्च पाउडर के सैंपल लिए गए। यहां कुछ अवधि पार सामान पड़ा था जिसे जब्त कर लिया गया। ऐसे पदार्थ भी मिले जिसे देखते हुए मिलावट होने का संदेह जताया जा रहा है। अग्रवाल इंडस्ट्रीज पर निरीक्षण कर सरसों के तेल का सैंपल लिया गया। एफएसओ लक्ष्मीकांत के अनुसार सैंपलों की लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इधर...अब तक 110 किलो मिठाई फिंकवाई, 631 लीटर घी की बिक्री पर रोक
अभियान के दौरान अब तक 110 किलो मिठाई पुरानी और मिलावटी होने के संदेह में फिंकवाई है। श्रीगंगानगर की एक फर्म पर एक ब्रांड का घी नकली होने के संदेह में सैंपल लेकर स्टॉक में पड़े 631 लीटर घी की टेस्टिंग रिपोर्ट आने तक बिक्री पर रोक लगाई गई है। अभियान के दौरान 26 अक्टूबर को 4, 27 को 5, 28 को 4, 29 को 4, 30 को 4 और 31 अक्टूबर को 5 सैंपल भरे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा के अनुसार सैंपल भरने के लिए एफएसओ ही अधिकृत है। डॉ. मेहरड़ा के अनुसार जिले में एक ही एफएसओ होने की वजह सैंपलिंग कम संख्या में हाे रही है।
अभियान की जांच टीम में एसडीएम अर्पिता सोनी, स्वास्थ्य विभाग के एफएसओ लक्ष्मी नारायण गुप्ता, दीपक कुमार, नायब तहसीलदार दया सिंह, थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह, गिरदावर बलजिंदर सिंह मान व अनिल कुमार शामिल थे। कार्रवाई के दौरान रायसिंहनगर कस्बे के खाद्य पदार्थ विक्रेता दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।
कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने अवैध देसी शराब की 6 पेटी सहित दो बदमाशों को शनिवार को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी गंगासहाय शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान थर्मल चौराहे पर पुलिस को दो व्यक्ति दो कट्टे ले जाते हुए मिले। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद तीन-तीन पेटी में कुल 288 पाैवे अवैध देसी शराब के बरामद किए हैं और दीपक पुत्र सुरेश और करण पुत्र सुरेश को गिरफ्तार कर लिया। यह दोनों आदतन अपराधी हैं।
शराब समेत गिरफ्तार
आरकेपुरम पुलिस और जिला विशेष टीम ने शुक्रवार देर रात को अवैध शराब बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी संदीप बिश्नोई ने बताया मयंक पुत्र हरीश निवासी वॉम्बे योजना हाल श्रीनाथपुरम को शराब बेचते गिरफ्तार किया। उससे अवैध शराब बरामद की है।
काेराेना संकटकाल से उभारने के लिए सूक्ष्म, लघु औैर मध्यम उद्यम (एमएसएमई) काे केंद्र सरकार की ओर से भारतीय रेल से जुड़ने का अवसर दिया जा रहा है। कारोबारियों के लिए एक तरह से यह भारतीय रेल के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में याेगदान करने का माैका है।
इसमें रेल के डिब्बाें औैर इंजन के निर्माण औैर संपत्तियाें के संचालन एवं रखरखाव के लिए सामाग्री का आपूर्तिकर्ता बनने के लिए देशभर से एमएसएमई काे आमंत्रित किया गया है। मालूम हाे कि भारतीय रेल द्वारा हर साल करीब 70,000 कराेड़ से अधिक की सामग्री की खरीद हाेती है। देशी यानी घरेलू निर्माताओं काे बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा एमएसएमई के लिए यह याेजना शुरू की गई है।
इस पर ध्यान दें काराेबारी, पारदर्शी औैर निष्पक्ष क्रय प्रणाली काे मिलेगा बढ़ावा
50 फीसदी से अधिक स्थानीय सामाग्री वाले आपूर्तिकर्ता ही अधिकांश वैगन, ट्रैक औैर एलएचबी डिब्बाें की सामग्री के लिए निविदा के पात्र हाेंगे।
वंदे मातरम ट्रेन के इलेक्ट्रॉनिक्स में 75 फीसदी मेक इन इंडिया कंटेट हाेगा।
अर्नेस्ट मनी डिपाेजिट एवं सिक्यूरिटी डिपाेजिट जमा करने की शर्ताें में छूट मिलेगी।
यदि लाेवेस्ट बिडर एमएसएमई नहीं है ताे उन एमएसएमई काे क्रय प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी बिड लाेवेस्ट बिड से 15 फीसदी तक अधिक है।
यहां कर सकते हैं संपर्क
रेलवे काे वार्षिक आवश्यकता की संपूर्ण सूची की जानकारी प्राप्त करने के लिए औैर वेंडर के ताैर पर स्वयं काे पंजीकृत करने के लिए एमएसएमई कारोबारियों द्वारा www.ireps.gov.in औैर www.gem.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही चेन्नई की इंटीग्रल काेच फैक्ट्री, चितरंजन लाेकाेमाेटिव वर्क्स, प्रयागराज के केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन, रायबरेली के आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, बनारस रेल इंजन कारखाना औैर बैंगलुरू के रेल पहिया कारखाने से संपर्क किया जा सकता है।
जिलेभर में हैं 2000 से ज्यादा एमएसएमई इकाइयां
अजमेर जिले में करीब 2000 से ज्यादा एमएसएमई इकाइयां हैं। इनमें अकेले ब्यावर औैर किशनगढ़ में 1050 के लगभग इकाइयां हैं। जिले में कई इकाइयां ऐसी हैं, जाे रेलवे काे डिब्बाें औैर इंजन में काम आने वाले छाेटे-छाेटे पार्टस बनाकर दे सकती हैं।
रेलवे द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कई बड़े पार्टस भी यहां तैयार किए जा सकते हैं। अजमेर में कई एमएसएमई इकाइयां एेसी हैं, जिनकी सप्लाई देश में नहीं बल्कि अन्य कई देशाें में भी है।
निगम चुनाव ड्यूटी में तैनात एक कर्मचारी की मतदान से पहले ही मृत्यु हाे गई। परिजनाें का आराेप है कि वे हार्ट के मरीज थे और चुनाव ड्यूटी कैंसिल करने के लिए आवेदन किया था, लेकिन अधिकारियाें ने नहीं मानी। कलेक्टर उज्ज्वल राठाैड़ ने मामला चुनाव आयाेग काे भेजने और उचित कार्रवाई की बात की है।
खताेलिया के गिर्राज प्रसाद पंचायत सहायक के पद पर थे। उनकी ड्यूटी निगम चुनाव में मतदान के लिए लगी थी। शुक्रवार काे ही काेटा पहुंचने पर उनकी तबियत बिगड़ गई। परिजनाें ने उन्हें एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से परिजन निजी अस्पताल में ले गए, जहां उनकी मृत्यु हाे गई।
आईआईटी, एनआईटी सीटों के लिए जोसा काउंसलिंग के चौथे राउंड का सीट आवंटन शुक्रवार देर शाम जारी किया गया। पांचवें राउंड का सीट आवंटन 3 नवंबर शाम 5 बजे जारी हाेगा। कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि चौथे राउंड के सीट आवंटन में 9 लाख 81 हजार 581 रैंक पर ओपन से जेंडर न्यूट्रल पूल से एनआईटी मिजोरम की होम स्टेट कोटे से मैकेनिकल ब्रांच आवंटित हुई।
8 लाख 95 हजार 410 रैंक पर छात्रा को एनआईटी सिक्किम की होम स्टेट कोटे से सिविल ब्रांच आवंटित हुई। ईडब्ल्यूएस कोटे से 2230 कैटेगिरी रैंक पर आईआईटी की अंतिम ब्रांच आवंटित हुई।
दक्षिण निगम के रविवार काे हाेने वाला मतदान कांग्रेस व भाजपा के लिए असली परीक्षा का दिन है। दक्षिण निगम में दिग्गजों का दंगल होगा। यहां तीसरी व चौथी बार मैदान में उतरे पूर्व पार्षदों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां भाजपा वार्डों में टिकट देने से लेकर प्रचार के मामले में कांग्रेस से बढ़त बनाए हुए है। हालांकि टिकट बंटवारे में कार्यकर्ताओं के मन मे उपजी नाराजगी से भाजपा को भीतरघात का भय है। वहीं कांग्रेस अभी भी अंदरूनी लड़ाई से नहीं उबर पा रही है।
मेयर दावेदारी करने वाले चेहरों की कमी से कांग्रेस में चल रही खींचतान का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा के पास मेयर के दावेदारों के गिनाने के लिए 6 चेहरे हैं, लेकिन कांग्रेस के पास सिर्फ एक ही चेहरा है। हालांकि भाजपा व कांग्रेस दोनों का ही कहना है कि अभी पार्षदों के लिए मतदान होना है। यह अंकगणित किसकी पूरी होती है, इसके बाद मेयर के चेहरों की तलाश करेंगे। हालांकि अंदरखाने दोनों ही दलों ने चेहरों की तलाश कर लॉबिंग भी करना शुरू कर दिया है।
दक्षिण में मेयर के दावेदार
आरएसएस व भाजपा की पृष्ठभूमि वाली इंद्रा राजपुरोहित वार्ड नंबर एक से, कॉनकोर निदेशक व महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष वनिता सेठ वार्ड नंबर 16 से, शेखावत खेमे से सीमा माथुर वार्ड नंबर 13 से, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की नजदीकी व माहेश्वरी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली डॉ. नीलम मूंदड़ा वार्ड नंबर 71 से, राजपूत समाज की भंवर कंवर वार्ड 74 से तो घांची समाज से डॉ. संजू सोलंकी भी वार्ड 33 से मैदान में हैं। जबकि कांग्रेस से वार्ड 40 से चुनाव लड़ रही भारती शर्मा ही मेयर पद की प्रमुख दावेदार हैं। भारती बीकानेर के पूर्व महापौर रहे और मुख्यमंत्री के चहेते लोगों की सूची में शामिल हैं। नेताओं की असली परीक्षा दक्षिण में
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, पूर्व सांसद जसवंतसिंह विश्नोई, पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, देवेंद्र सालेचा के अलावा अतुल भंसाली, प्रसन्नचन्द मेहता सहित कई नेताओं ने अपने चहेतों को टिकट दिलाने के लिए असली कार्यकर्ताओं का गला घोंटा, अब इन नेताओं की असली परीक्षा होगी। हालांकि उत्तर निगम में वोटिंग के बाद सामने आ रहे एग्जिट पोल से घबराई भाजपा अब दक्षिण में 1-1 वोट जुटाने के साथ 1-1 सीट जिताने के लिए नाराज कार्यकर्ताओं को भी मनाने का भरसक प्रयास में लगी है, लेकिन यहां भी स्पष्ट बहुमत के आंकड़े से अभी दूर है।
वार्ड जीतना अब इनके लिए चुनाैती
भाजपा के अमरलाल वर्गी 2 बार जीते, एक बार पत्नी भी पार्षद रही, अब फिर मैदान में है। किशोरसिंह टाक दो बार चुने गए, अब पत्नी राधा टाक को उतारा। प्रदीप बेनीवाल दो बार पार्षद रहे, अब उसी वार्ड के एक हिस्से से चुनाव लड़ रहे। देवीलाल जांगिड़ खुद भी और पत्नी भी पार्षद रहीं, इस बार फिर मुकाबले में हैं।
इसी प्रकार चैनसिंह इंदा, रामस्वरूप प्रजापत भी दूसरी बार मैदान में हैं। वहीं तीन बार चुनाव लड़कर दो बार पार्षद रहे गणपतसिंह चौहान भी चौथी बार मैदान में हैं। आईदानराम दो बार पार्षद रहे, तीसरी बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। सुरेंद्र कंवर व पति मूलसिंह पार्षद रहे, खुद दूसरी बार मैदान में हैं। लक्ष्मण नायक, योगेश गहलोत भी दूसरी बार चुनाव मैदान में है। इनके सामने खुद के वार्ड से टूटकर बने नए वार्ड में युवा व नए चेहरों के सामने चुनाव लड़ना चुनाैती बना हुआ है।
कुल वोटर्स 3,04,056
पुरूष 1,76,006 महिला 1,64,046
कुल प्रत्याशी
312
दक्षिण कुल बूथ
541
हार के डर से जोधपुर नहीं आए गहलोत: शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि हार के डर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नगर निगम चुनाव में जोधपुर नहीं आए। शेखावत ने दक्षिण नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपनी चुनावी सभाओं में यह बात कही। शेखावत ने कहा, इस बार चुनाव में कांग्रेस ने खुद हार मान ली है। हार का डर था, इसलिए वार्डों के टुकड़े किए। पिछली बार निगम चुनाव में गहलोत बराबर मीटिंग लेने आए थे। निगम दक्षिण-थमा प्रचार, अंतिम दिन रैलियाें में झाेंकी ताकत
नगर निगम दक्षिण के लिए 1 नवंबर को होने जा रहे मतदान के लिए शुक्रवार शाम 5:30 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने पूरा दम लगाया। हर घर के मतदाता से संपर्क कर अपने लिए समर्थन जुटाने का प्रयास किया। निगम दक्षिण के लिए 80 सीटों के लिए मैदान में डटे 312 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला शहर के मतदाता कल करने जा रहे हैं। इनमें भाजपा व कांग्रेस के 160 उम्मीदवार भी शामिल हैं। अब शनिवार को मतदान दल अपने बूथों पर पहुंच उन्हें सजाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम प्रथम) एमएल नेहरा ने बताया कि चुनाव के लिए मतदान दल शनिवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज से रवाना होंगे।
दिनभर वाहन रैलियों का रेला : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को दिन भर प्रत्याशियाें ने अपने समर्थकों के साथ दम लगाया। नगर निगम दक्षिण में शहर का बाहरी इलाका होने के कारण प्रत्याशियाें ने वाहन रैलियां ज्यादा निकालीं। वहीं मतदाताओं से संपर्क साधने के लिए घर जाकर अनुरोध किया। वहीं बड़े नेताओं ने सभाओं काे संबोधित किया।
भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपने चुनावी कार्यालयों से आईटी टीम के माध्यम से मतदाताओं से मोबाइल पर सीधा संपर्क किया और वोट देने की अपील की। वार्ड छोटे होने के कारण प्रत्याशियाें के काफिले में दस से बीस खुले वाहन शामिल थे। ये नारेबाजी करते हुए और वोट देने की अपील करते दिखे। इसके साथ ही निगम चुनाव प्रचार थम गया। अब साइलेंट होकर उम्मीदवार अपने वोट की उम्मीद से प्रत्याशियों से संपर्क करेंगे।
वैभव का 7 वार्डों में जनसंपर्क, हनुमान की 3 सभाएं, शेखावत ने ली 10 बैठकें
कांग्रेस : चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस की चुनाव कमान संभाल रहे लोकसभा प्रत्याशी रहे व आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत ने धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने शहर विधायक मनीषा पंवार के साथ 7 वार्डों में जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। वैभव ने वार्ड संख्या 40 में सरस्वती नगर, वार्ड 52 में सिंधी कॉलोनी, वार्ड संख्या 50 में एच सेक्टर शास्त्रीनगर, वार्ड 62 में एयरफोर्स अफसर मैस के सामने, वार्ड संख्या 61 में एयरफोर्स क्षेत्र में सभाओं को संबोधित कर समर्थन मांगा।
आरएलपी: नगर निगम दक्षिण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आर एलपी की शहर में तीन सभाएं आयोजित की गईं। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शहर के सारण नगर के वार्ड संख्या 2, मधुबन के वार्ड संख्या 8 और भगत की कोठी में वार्ड संख्या 4 में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए चुनावी सभाओं को संबोधित किया। बेनीवाल ने यहां से चुनाव मैदान में उतरे अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा।
भाजपा: केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत प्रतापनगर क्षेत्र में इंद्रा राजपुराेहित, चाैहाबाे क्षेत्र में नरेंद्र फितानी, सीमा माथुर, वनिता सेठ, पदमसिंह राजपुरोहित, पुरुषोत्तम आचार्य के पक्ष में रैलियों में शामिल हुए। नंदकिशोर के पक्ष में संबोधन दिया। वार्ड 48, 49, 50, 51, 52 के प्रत्याशियों के पक्ष में रैली और सभा को संबाेधित किया। वार्ड 46 में राकेश बागरेचा के साथ पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने भाजपा की सुगनी देवी के पक्ष में प्रचार किया। शेखावत ने चैनसिंह, भीमराज, भंवर कंवर, रवि पंवार के पक्ष में संपर्क किया। शेखावत ने 20 वार्ड में 10 बैठकें और 10 सभाएं कीं।
चाखू थाना क्षेत्र की नवसृजित ग्राम पंचायत ढांढरवाला में शुक्रवार को चुनावी रंजिश में दो गुट आमने सामने हो गए। हथियारों से हमले में आरएसी के एक जवान सहित दो जनों की मौत हो गई। जबकि आठ जने घायल हो गए। घायलों को जोधपुर व बीकानेर रेफर किया गया है। हत्या की सूचना से क्षेत्र में तनाव के हालात बन गए। पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया है।
शुक्रवार सुबह यहां पंचायत भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव से पहले भूमि का सीमांकन किया जा रहा था। इसी दौरान पंचायत भवन की जमीन को लेकर चुनाव हारे सरपंच प्रत्याशियों के बीच सहमति नहीं बनी। विवाद बढ़ता देख पटवारी भोमाराम, एलडीसी हरिराम व सरपंच प्रतिनिधि जगदीश चौधरी वहां से चले गए। इसके बाद बात इतनी बिगड़ी कि आमने-सामने हुए दाे पक्षाें में पत्थर, लाठी, तलवार व धारदार हथियार चले।
एक बार पत्थरबाजी के बाद मामला शांत हुआ, कुछ घंटाें बाद एक गुट ने दूसरे को रोककर किया हमला
फलोदी लाए गए घायलों की उपचार करते डॉक्टर।
ढांढरवाला में सरपंच पद चुनाव के लिए चार प्रत्याशी लड़े थे। सीमांकन के दाैरान एक पार्टी के मोहनदान चारण व दो अन्य पार्टियों में पंचायत भवन को अपने-अपने क्षेत्र में रखने को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान मामला बढ़ गया। तू-तू मैं-मैं की स्थिति में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
दोनों पक्ष आपस में पत्थरबाजी पर उतर आए। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग-अलग कर अपने अपने घरों को भेज दिया। दोपहर बाद जब एक पक्ष के लोग गाड़ी में कहीं जा रहे थे। तभी दूसरे गुट के लोगों ने गाड़ी रुकवाकर लाठी, तलवारों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। तलवार के गहरे वार से दो जनों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए।
6 घायलों को बीकानेर भेजा, एक की मौत
एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर चाखू एएसआई भंवरलाल विश्नोई मय जाब्ता घटना स्थल पर पहुंचे। घायलों में से छह को बीकानेर लेकर गए। जहां उपचार के दौरान लक्ष्मणदान पुत्र मोहनदान व मेघदान पुत्र हिंगलाजदान की मौत हो गई। मेघदान आरएसी में थे। कुछ दिन पहले छुट्टी पर आए थे।
घायल जगदीशदान व दिनेशदान को गंभीर घायल होने के कारण जोधपुर रेफर किया गया। किशनदान का फलोदी में ही इलाज चल रहा है। लक्क्ष्मणराम लखारा, इनके बेटे रामाकिशन व तीन अन्य को बीकानेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) ने बुधवार को मेडिकल एजुकेशन में एमबीबीएस पढ़ाने वाली फैकल्टी के चयन में बड़ा बदलाव करते हुए गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया। यह नियम नए मेडिकल कॉलेजों में नए फैकल्टी के चयन पर लागू होगा। ड्राफ्ट के अनुसार फार्माकॉलोजी, माइक्रोबॉयोलॉजी में नॉन मेडिकल व्यक्ति को फैकल्टी के तौर पर चयन नहीं किया जाएगा।
वहीं बायोकैमिस्ट्री में 50% से 15%, एनाटोमी और फिजियोलॉजी विभाग में नॉन फैकल्टी चयन के नियम में संशोधन करते हुए उसे 15% कर दिया है। विशेषज्ञों की मानें तो पहले जब फैकल्टी के चयन के समय विषय विशेषज्ञ नहीं मिलते थे तब नॉन मेडिकल व्यक्ति को फैकल्टी के तौर पर चयन किया जाता था।
पहले के नियम के चलते मेडिकल व्यक्ति के होने के बाद भी 70:30 का अनुपात होने के चलते नॉन मेडिकल व्यक्ति के चयनित हो रहे थे। इसी के चलते दो पैरामेडिकल विषयों में नॉन मेडिकल व्यक्ति को फैकल्टी के रूप में चयन बंद करने और प्री मेडिकल में 30 से 15% करने का फैसला लिया गया है। अब एमबीबीएस कर रहे स्टूडेंट्स को एमबीबीएस किए हुए फैकल्टी मेंबर ही पढ़ाया करेंगे।
त्याैहार व चुनावाें के बीच काेराेना काे लेकर शुक्रवार काे कुछ राहत की खबर आई। एक दिन मेें 510 संक्रमितों को डिस्चार्ज किया गया। यह दूसरी बार है जब एक दिन में डिस्चार्ज होने वालों का आंकड़ा 500 के पार गया हो। इससे पहले 8 सितंबर काे एक साथ 575 राेगी ठीक हुए थे। वहीं साेमवार काे 7 संक्रमिताें की माैत ने इस राहत काे धूमिल कर दिया।
इनके अलावा 238 नए राेगी मिले। इसके साथ ही कुल संक्रमिताें का आंकड़ा 37 हजार के पार पहुंच गया। अब तक 37,108 शहरवासी काेराेना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 66.03% यानी 24,503 ठीक हाे चुके हैं और 528 राेगी जान गंवा चुके हैं। अक्टूबर के 30 दिनाें में 9,955 राेगी मिले हैं, 8600 ठीक हुए और 133 माैतें हाे चुकी हैं। एमजीएच में 4, एम्स में 2 और एमडीएम में एक माैत
एमजीएच में 4, एम्स में 2 व एमडीएम में एक माैत हुई। एमजीएच में भागसिंह मार्ग दूसरी पोल निवासी लक्ष्मीनारायण (75), कुड़ी के महावीर नगर निवासी माया देवी (76), 5वीं राेड जाकिर हुसैन काॅलाेनी निवासी कुसुम (60) व नांदड़ी राेड स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी हमीरराम (76) ने दम ताेड़ा। एम्स में फतेह कृष्ण (60) व रातानाडा निवासी निर्मल गोयल (54) और एमडीएम में बिलाड़ा के पटेल नगर निवासी जिमानी देवी (72) की माैत हुई।
स्थानीय सूची में 223 नए संक्रमित
विभाग की ओर से जारी सूची में 223 नए रोगी बताए गए। इनमें प्रतापनगर में 9, शहर परकोटा में 13, उदयमंदिर में 11, महामंदिर में 19, मसूरिया में 21, शास्त्रीनगर में 19, मधुबन में 24, रेजिडेंसी में 20 व बीजेएस में 11 रोगी मिले। वहीं जिले के बनाड़ (मंडोर) ब्लॉक में 9, सालावास में 8, बिलाड़ा में 3, भोपालगढ़ में 2, ओसियां में 2, बावड़ी में 4, फलोदी में 29 व बाप में 19 रोगी मिले।
ग्रामीणों क्षेत्रों में लगातार कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला जारी है। आऊ सीएचसी में शुक्रवार आई जांच में 10 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। डॉ संदीप दाधिच ने बताया कि शुक्रवार को आऊ से 3, भोजासर से 3 भिंयासर से 2 ,सुवाप बापिणी से 1 , बरजासर से 1 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। चिकित्सा टीम ने पॉजिटिव को होम आइसोलेट किया। 65 वर्ष के बुजुर्ग की मौत
पिछले दिनों करोना पॉजिटिव आए 65 वर्षीय फतेहकिशन ईराम की शुक्रवार को मौत हो गई। कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने व उसमें सुधार नहीं होने पर उन्हें एम्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। वहां जांच के दौरान वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शुक्रवार सुबह 4 बजे उनकी मौत हो गई। मृतक का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन के तहत पैतृक गांव नौसर में किया गया। लोहावट में 8 नए रोगी मिले
क्षेत्र में 8 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। सीएचसी प्रभारी डॅा कमल किशोर विश्नोई ने बताया कि शुक्रवार को मूलराज, तेजनगर, ढाकों की सती के पास विश्नावास, जाटाबास, हंसादेश, शिवपुरी आदि गावों के 8 जने कोरोना पॉजिटिव मिले। सभी मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
मोबाइल की देश भर में एक पोर्टेब्लिटी की तरह अब कहीं से भी रसोई गैस बुकिंग करवाई जा सकती है। इंडियन ऑयल की कंपनी इंडेन ने गैस बुकिंग करवाने के लिए पूरे देश के उपभोक्ताओं के लिए कॉमन नंबर जारी किया हैं। ये नंबर 1 नवंबर से शुरू हो जाएगा। इंडेन ने 24X7 कॉमन बुकिंग नंबर 7718955555 जारी किया है। इसके लिए उपभोक्ता देश के किसी भी सर्किल से फोन कर गैस बुक कर सकेंगे।
इंडियन ऑयल ने एसएमएस और आईवीआरएस के माध्यम से एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए ये नंबर दिया है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष दीपकसिंह गहलोत ने बताया कि इंडेन के उपभोक्ता एलपीजी बुकिंग अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही कर सकेंगे। इसके लिए एलपीजी रिफिल बुकिंग और मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन करवाने की संशोधित प्रक्रिया जारी की गई है।
संशोधित किए जा सकेंगे नंबर : ग्राहक का नंबर पहले से ही इंडेन रिकॉर्ड में दर्ज है तो आईवीआरएस 16-अंकों की उपभोक्ता आईडी बताएगा। यह 16 अंकों की उपभोक्ता आईडी ग्राहक के इंडेन एलपीजी चालान, कैश मीमो, सब्सक्रिप्शन वाउचर पर अंकित हैं। ग्राहक द्वारा पुष्टि करने पर बुकिंग स्वीकार कर ली जाएगी।
रक्तिया भैरूजी चौराहे के पास वीर दुर्गादास राठौड़ ओवरब्रिज से शुक्रवार को एक छात्र नीचे कूद गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शास्त्रीनगर थानाधिकारी शेषकरण बारहठ ने बताया कि मूलत: बाड़मेर जिले में शिव हाल भगत की कोठी निवासी मदनलाल प्रजापत (22) पुत्र सत्ताराम यहां अपने भाई के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
भाई बीएड के साथ रीट और मदनलाल पटवारी व आरएएस की तैयारी कर रहा था। पिछले कुछ दिनों से मदनलाल पढ़ाई को लेकर डिप्रेशन में था। डॉक्टर से जांच कराने के लिए भाई उसे लेकर दोपहर में एमडीएम अस्पताल के लिए निकला। दोनों पैदल ही भैरूजी चौराहे की तरफ जा रहे थे।
वीर दुर्गादास राठौड़ ओवरब्रिज की रेलिंग के पास पहुंचने पर भाई भैरूजी चौराहे की तरफ बढ़ गया, लेकिन मदन दौड़कर ओवरब्रिज पर भगत की कोठी व रेजिडेंसी रोड की तरफ से आने वाली दो सड़कों तक पहुंचा, जहां से उसने पुल के नीचे छलांग लगा दी। वह मुंह के बल सड़क पर गिरा।
आंख, नाक, मुंह व ललाट पर गंभीर चोट आई। आवाज सुन चौराहे पर तैनात यातायात कर्मी घटनास्थल पहुंचे। कुछ देर में भाई भी वहां आ गया। बाद में घायल को गंभीर हालत में एमडीएमएच भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने आईपीएल पर सट्टा लगाते पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि सटोरियों के पास से एक कार, एक लैपटॉप और दस मोबाइल जब्त किए हैं। वहीं सटोरियों के पास से 26 लाख रुपए के सट्टे का भी हिसाब किताब मिला है। थानाधिकारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि पालीवाल अस्पताल के पीछे यशोदा पत्थर कटिंग नामक फैक्ट्री के एक कमरे में आईपीएल पर सट्टा लगाया जा रहा है।
इस पर पुलिस की टीम का गठन कर दबिश दी गई। प्रताप नगर पुलिस चौकी के पीछे रहने वाले राहुल, प्रताप नगर थाना इलाके की लाला लाजपत राय कॉलोनी निवासी फिरोज खान, उदयमंदिर थाना इलाके की नई सड़क निवासी हितेंद्र, खांडा फलसा थाना इलाके की धान मंडी निवासी मोहम्मद अली और देवनगर थाना इलाके के मसूरिया में रहने वाले राजन को गिरफ्तार किया गया।
बालेसर कस्बे में किराणे की दुकान चलाने वाले व्यापारी और उसके पुत्र पर बेलवा जाते समय रात के समय अंधेरे में बाइक पर सवार होकर आए तीन चार हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला करके रुपए से भरा बैग लेकर भाग गए। हमले में व्यापारी और उसके पुत्र के चोटें भी लगी। देर रात हुई इस घटना के बाद सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण व व्यापारी वहां पर एकत्रित हो गए।
पुलिस भी मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश कर रही है। एक दिन पहले बालेसर कस्बे में व्यापारियों की आंखों में मिर्ची डालकर लूटने का प्रयास किया गया था। जानकारी के अनुसार बालेसर कस्बे में बेलवा गांव निवासी उगमराज और उसके पुत्र नवीन जैन की किराणे की दुकान है।
शुक्रवार को दिन भर का कलेक्शन करके रात के समय अपनी पिकअप गाड़ी लेकर बेलवा गांव की तरफ जा रहे थे। दुर्गावता गांव से बाहर निकलते ही सामने से बाइक पर सवार तीन चार बदमाश आये और आते ही गाड़ी आगे रोककर उनके ऊपर तलवारों से हमला कर दिया। जिससे दोनों पिता-पुत्र को चोट लगी है। वहीं हमलावर गाड़ी में रखी हुई रुपए से भरी हुई थैली लेकर भाग गए।
जाते समय उनकी तलवारें वहीं पर रह गई। घटना की जानकारी मिलने पर कई व्यापारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। घायलों को बालेसर अस्पताल लाए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और व्यापारी हमलावरों की तलाश कर रहे थे। गौरतलब है कि गुरुवार को रात में भी बालेसर से घर जा रहे व्यापारियों पर आंखों में मिर्ची डालकर लूटने का प्रयास हुआ था। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है।
घेवड़ा गांव निवासी एक विवाहिता को दहेज के लिए तंग एवं मारपीट करने सहित जलने का एक मामला शुक्रवार को दर्ज करवाया। हैड कांस्टेबल चतुरसिंह राजपुरोहित ने बताया कि कानसिंह पुत्र भगवतसिंह राजपुरोहित निवासी सुराणी तहसील बालेसर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मेरी बहन शारदा कंवर की शादी वर्ष 2011 में घेवड़ा निवासी रावलसिंह पुत्र अचलसिंह के साथ हुई थी।
शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे। कई बार पीहर भेज दिया। पैसों की मांग करते। बहन के एक लड़का व लड़की है। कई बार समझाइश की परंतु ससुराल वाले नहीं माने। 18 अक्टूबर को बहन ने फोन कर बताया कि ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं आप यहां से ले जाओ। नहीं तो यह लोग मार देंगे।
अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे बहनोई रावल सिंह, देवर देवीसिंह, नणद मनीषा, निरमा, पूजा कंवर ने मिलकर जला दिया। पड़ोसियों ने उसे जोधपुर अस्पताल पहुंचाया। वह 75 प्रतिशत तक जल गई है। बहन के ससुराल वालों ने घटना के बारे में बताया तक नहीं। बाद में जानकारी मिली तो माता पिता अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीपाड़ पंचायत समिति के 10 अक्टूबर को हुए सरपंच चुनाव को लेकर 20 दिन बाद भी सरपंच प्रत्याशी व चुने हुए सरपंच द्वारा खर्चे का ब्यौरा उपखंड अधिकारी कार्यालय में जमा नहीं करवाया गया। उपखंड अधिकारी शैतान सिंह राजपुरोहित ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव में सरपंच की खर्च लिमिट 50,000 तय की गई थी।
वॉइस सरपंच प्रत्याशी व चुनाव सरपंचों को परिणाम जारी होने के पश्चात 15 दिवस के भीतर जमा खर्चे का ब्यौरा उपखंड कार्यालय में चुनाव अधिकारी के समक्ष पेश करना होता है। 20 दिन बीत जाने के पश्चात मात्र 17 सरपंचों ने चुनावी खर्चे का ब्यौरा दिया है। उपखंड अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन विभाग की गाइडलाइन के तहत जमा खर्चे का ब्योरा नहीं देने वाले सरपंचों को पद से हाथ धोना पड़ सकता है।
ऐसे सरपंच को सरपंचाई खटाई में पड़ सकती हैं। हारे हुए प्रत्याशी चुनावी जमा खर्च का ब्यौरा नहीं देने पर आगे भविष्य में किसी भी चुनाव में दावेदारी नहीं पेश कर सकेंगे। 35 पंचायतों में 131 सरपंच प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें से मात्र 17 ने जमा खर्च का ब्यौरा दिया है।
इन्होंने दी जानकारी
चुनाव के 20 दिन बाद मात्र 17 सरपंच ने खर्च का ब्यौरा दिया है। इनमें जगदीश डूडी, तुलसी चौधरी, पारी देवी, सुशीला चौधरी, प्रमिला चौधरी, वीरेंद्र डूडी, महिपाल भड़ियार, विनोद कंवर, संतोष कंवर,आयुचुकी, भंवरसिंह, पतासी, प्रकाश बोराणा, जीवनराम, संगीता व अनिल विश्नोई शामिल है। एसडीएम ने बताया कि गाइडलाइन के तहत नोटिस भेजे जा रहे हैं।
चेनाराम रेवाड़ डिस्कॉम में हेल्पर रहे हैं। दो साल पहले रिटायरमेंट हो गया। इसके बाद भी वे 15 किमी दूर जाकर अपनी नौकरी की जगह पर हाथों से लगाए पौधों की देखभाल करना नहीं भूलते। भोपालगढ़ पंचायत समिति के पालड़ी राणावता गांव के 33 केवी जीएसएस पर नौकरी करते समय रेवाड़ ने सौ से ज्यादा पौधे लगाए।
अब यहां दूर से ही बगीचे जैसा दिखाई दे रहा है। रिटायरमेंट के बाद भी भोपालगढ़ से यहां बाइक पर आते हैं और पेड़े पौधों को पानी व अन्य देखभाल करते हैं। जीएसएस पर कई बार उपखंड अधिकारी ,तहसीलदार, थानाध्यक्ष सहित बिजली निगम के उच्च अधिकारी भी आ चुके है।
रेवाड़ को इस सेवा के लिए उपखंड स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है। रेवाड़ ने बिजली घर परिसर को जिस तरह बगीचे का रूप दिया है उसमें सरकार का कोई बजट खर्च नहीं किया। ग्रामीणों के सहयोग से ही पौधे मंगवाकर लगाए। समय समय पर सार संभाल करने लगे। युवाओं की मदद जरूरी ली है। उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज पूरा जीएसएस लहलहा रहा है।
भामाशाहों की मदद से नलकूप खुदवाया
बारिश के मौसम में तो पौधे पनप जाते हैं लेकिन गर्मी में पानी की कमी के चलते पौधे जलने लगे। इस पर रेवाड़ ने भामाशाहों के सहयोग से परिसर में नलकूप खुदवाया। इसके बाद अब पौधों को आसानी से पानी दिया जा रहा है। सहायक अभियंता सुरेंद्र सेंवर ने बताया कि यह उनका जुनून है। उनकी बदौलत आज पूरा जीएसएस किसी बगीचे से कम नहीं है।
वहीं, रेवाड़ बताते हैं कि मुझे बचपन से पेड़ पौधों के प्रति रूचि थी। अपनी कर्म स्थली पर नौकरी के साथ ऐसा किया। अब मन नहीं करता कि इनकी देखभाल छोड़ दूं। इसलिए घर बैठे रहने की बजाय हर दूसरे तीसरे दिन यहां पौधों की सेवा करने आ जाता हूं।
गाय, बैल, मोर, हिरण आदि पशु पक्षियों के घायल होने पर पशु व वन्य जीव प्रेमियों द्वारा इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता है। वहीं, अगर घर, प्रतिष्ठान या अन्य जगह सांप घुस आए तो उसे पकड़कर दूर छोड़ते हैं या कई लोग मार देते हैं। बिलाड़ा में सांप को बचाने के लिए दो भाइयों ने खुद को खतरे में डाल दिया। दरअसल, श्वान ने अपने बच्चों को बचाने के लिए एक सांप को घायल कर दिया।
कृषि फार्म बेरा छीपावा में रहने वाले दो भाई राकेश व कमलेश कुमावत पुत्र शिवराम पटेल ने अपने कृषि फार्म पर पड़े चार फीट लंबे घायल सांप को पहले अपने स्तर पर दवाई लगाई। फिर टोकरी में डालकर वन विभाग के कार्यालय ले गए। वहां वेटनरी कंपाउडर हुकमीचंद आशर्मा को बुलाकर प्राथमिक इलाज करवाया। फिर खेजड़ली रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। इस दौरान फोरेस्ट गार्ड मनोज कुमार, वनपाल थानेदार मीणा, पशु रक्षक श्यामलाल माली मौजूद रहे।
अपने पिल्लों को बचाने के लिए श्वान ने किया सांप को घायल
श्वान द्वारा सांप पर हमले के बारे में कम ही सुनने में आता है। राकेश कुमावत ने बताया कि कृषि फार्म के गेट के पास ही चार पिल्ले व श्वान का स्थल है। सांप उन पिल्ले की तरफ बार बार जा रहा था, ऐसे में श्वान ने अपने पिल्लों को सांप के नुकसान से बचाने के लिए सांप पर हमला बोल दिया। इसमें सांप बुरी तरह घायल हो गया।
वह चल पाने में भी असमर्थ हो गया। इस पर वे उसे टोकरी में डाल इलाज के लिए ले गए। क्षेत्रीय वन अधिकारी शंकरलाल सोनी ने बताया कि दोनों भाई घायल कोबरा लेकर आये थे। पहली बार देखा है कि कोई सांप को उपचार के लिए लेकर पहुंचा।
कुड़ी टोल नाके पर हुई लूट का खुलासा ही नहीं हुआ था कि अज्ञात चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक सुमेर राम सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि गुरुवार शाम को बैंक परिसर के दरवाजे व्यवस्थित तरीके से हर रोज की भांति लॉक करने के बाद गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों द्वारा दूरभाष पर सूचना मिली कि बैंक परिसर के ताले टूटे हुए हैं।
सूचना के तुरंत बाद शाखा प्रबंधक सहित बैंक स्टाफ बैंक परिसर का मौका मुआयना किया। जिसमें लगे हुए सीसीटीवी कैमरे में रात्रि करीब 1 बजे तीन अज्ञात चोरों द्वारा शाखा परिसर के मुख्य दरवाजा, फाटक, बरामदा, ग्रिल गेट, मुख्य हॉल का दरवाजा तथा स्ट्रांग रूम के मुख्य दरवाजे के सभी ताले तोड़ दिए। साथ ही शाखा के एलार्म सिस्टम को भी तोड़कर अपने साथ ले गए।
चोरों द्वारा कंप्यूटर का कीबोर्ड ,माउस तथा दो-तीन बैंक की सीलें तथा कैश काउंटर के दराज, अलमारियां खोलकर बैंक के दस्तावेजों और सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया। बैंक में रखी नकदी का पता नहीं चला। इसके चलते नकदी सुरक्षित मिली। शाखा प्रबंधक सोलंकी ने बताया कि बैंक में पहले भी दो तीन बार ताले तोड़कर चोरी का असफल प्रयास किया था।
पूर्व मंत्री जसवंत सिंह विश्नोई ने अपने समाज के लोगों से अपील की है कि वे चुनावाें में पैसा बहाने की जगह अपने बच्चों का भविष्य संवारने वाली संस्थाओं और इमारतों पर खर्च करें। विश्नोई का मानना है कि बात गांव में सरपंच के चुनाव की हो या शहर में पार्षद की, चुनाव का खर्च आयोग की तय सीमा से ज्यादा ही होता है लेकिन उसका हिसाब-किताब कोई नहीं बता सकता। इन छोटे चुनावों में लाखों-करोड़ों खर्च होते हैं।
विश्नोई ने अपनी यह बात सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव में समाज के करीब 150 सरपंच चुने गए हैं। चुनाव के दौरान जिले में समाज के लोगों ने करीब 500 करोड़ रुपए का खर्च किया होगा। इतना तो हुआ ही होगा क्योंकि हर पंचायत में एक से दो करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। वैसे आयोग ने सरपंच के लिए 50 हजार तो पार्षद के लिए 2.50 लाख की सीमा तय की हुई है।
विश्नोई के मुताबिक चुनाव के दौरान बेतहाशा खाना, पेट्रोल-डीजल, गाड़ियों के अलावा भी कई तरह के खर्च किए जाते हैं। इसकी जरूरत नहीं हैं। अभी शहर में वोट होने वाले हैं। पार्षद के लिए उम्मीदवारों के ही हाल देख लो। इतना खर्च कर रहे हैं कि कोई सीमा ही नहीं हैं। गांव में भी यही हाल। खाना, हलवा, मिठाइयां बनती हैं।
पूरा गांव खाता है, आधा इधर, आधा उधर। पैसा बहाने के बाद आपसी बैर भी पनपता है। एक-दूसरे की हौड़, अपनी ताकत और जोर दिखाने के लिए खर्च करने की जगह समाज के हित में वह पैसा लगाना चाहिए। एम्स के सामने समाज का भवन बन चुका है, लोगों के काम ही आएगा। पंचायत व निगम चुनाव में समाज के प्रत्याशियों के खर्च से तो जोधपुर में एक बड़ा शिक्षण संस्थान बन सकता है।
शहर में ईद मिलादुन्नबी जलसा समिति द्वारा शुक्रवार को जुलूस नहीं निकाला गया। इस दौरान लोगों ने घरों में रहकर सोशल डिस्टेंस में इस पर्व को सादगीपूर्ण तरीके से मनाया। समिति के उस्ताद हमीम बक्श ने बताया कि मुस्लिम समाज ने इस बार अपने मोहल्ले या घर में ही इस त्योहार को मनाया। इस मौके पर मुस्लिम समाज ने 10 हजार मास्क वितरित कर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया।
ईद मिलादुन्नबी जलसा समिति के अध्यक्ष उस्ताद हाजी हमीम बक्श ने बताया कि समारोह की शुरुआत सुबह पुराना स्टेडियम में समिति के 11 लोगों ने नियाज फातिहा की रस्म से किया। इस मौके पर कोरोना महामारी को जल्द खत्म करने की दुआ की। डीसीपी यादव को समाज रत्न सम्मान
समिति की ओर से जोधपुर कमिश्नरेट के डीसीपी धर्मेंद्र कुमार यादव को ईद मिलादुन्नबी समाज रत्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उस्ताद हाजी हमीम बक्श, उस्ताद सलीम सेफी, उस्ताद अब्दुल वहीद खान, उस्ताद रफीक कुरैशी, उस्ताद सुबराती खान अबासी, कयूम खान लोदी, अब्दुल गनी फौजदार, नदीम बक्श, उस्ताद मोहम्मद शफी, शोकत अली लोहिया, उस्ताद फारूक सोलंकी, उस्ताद मोहिनुद्दीन, मौलाना उबेदुल्लाह, मौलाना अफजल हबीबुरहमान खिलजी, फिरोज मेहरान, भूरजी, अमजद बक्श, रईस बक्श, साकिर, शेख एजाज मोहम्मद आदि मौजूद थे।
111 युवाओं ने किया रक्तदान
जोधपुर। ईद मिलादुन्नबी पर मारवाड़ मुस्लिम एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह कुरैशी की पुण्यतिथि पर माई खदीजा हाॅस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित शिविर में 111 युवाओं ने रक्तदान किया। शिविर संयोजक फिरोज अहमद काजी और सह संयोजक मोहम्मद साबिर ने बताया कि इस मौके पर लॉटरी में निकले भाग्यशाली रक्तदाता अकरम खान को निशुल्क उमराह करने का मौका मिलेगा।
शिविर में सोसायटी के सीईओ मोहम्मद अतीक, मोहम्मद आबिद, अब्दुल मुनाफ, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद आबिद, मोहम्मद तैय्यब, मोहम्मद वासिद, मोहम्मद शादाब, मोहम्मद यूसुफ, मेहराज बानो, मोहम्मद निशां, डाॅ. अफसान मुस्कान, मोहम्मद सादिक, मोहम्मद साजिद, कांग्रेस नेता प्रो. अय्यूब खां, हैदर रजा, राजेश गुर्जर, मोहसिन अंसारी, बबलू भाई, करणसिंह राठौड़, डाॅ. सुनील चांडक, डाॅ. साबिर हुसैन सहित कई लोग मौजूद थे।
शहर में शुक्रवार शाम शरद पूर्णिमा तिथि लगने से कुछ लोगों ने शरद पूर्णिमा मनाई। वहीं शनिवार को शरद पूर्णिमा की तिथि रात 8.18 बजे तक रहने से लोग इस दिन भी ठाकुरजी की पूजा-अर्चना कर पूर्णिमा मनाएंगे। इस दौरान शनिवार को शहर के कुंजबिहारी मंदिर, गंगश्यामजी मंदिर, राज रणछोड़जी का मंदिर सहित तमाम ठाकुरजी के मंदिरों में कोविड-19 के चलते शरद पूर्णिमा पर खीर महोत्सव का आयोजन नहीं होगा।
हालांकि शुक्रवार को पुष्टिमार्गीय मंदिरों में पुजारियों द्वारा ठाकुरजी का शरद शृंगार कर उनको गाय के दूध से बनी खीर और ऋतु फलों का भोग लगाया। इसी प्रकार मंदिरों के बंद होने से शनिवार को पुजारियों द्वारा ही विशेष पूजा कर ठाकुरजी का विशेष शृंगार किया जाएगा। साथ ही व्रत कर मां महालक्ष्मी का पूजन किया जाएगा।
श्रीकृष्ण मंदिर रातानाडा के पुजारी हरिभाई गोस्वामी ने बताया कि शरद पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर ठाकुरजी का शरद (श्वेत) शृंगार किया जाएगा और रमणरेती (वृंदावन) रास की भव्य व अलौकिक झांकी सजाई जाएगी। शाम को 101 किलो दूध की खीर बनाकर रात में चंद्रमा की किरणों में रखी जाएगी।
इस प्रसाद का रविवार सुबह 6 बजे वितरण किया जाएगा। ज्योतिषविद डॉ. सपना सारस्वत के अनुसार इस बार आश्विन शुक्ल चतुर्दशी को पूर्णिमा तिथि निशीथ व्यापिनी और शनिवार को प्रदोष व्यापिनी है। इसलिए कोजागरी व्रत शनिवार को ही किया जाएगा।
इसी दिन मां महालक्ष्मी का भी पूजन होगा। इसी दिन चंद्रमा की शीतल चांदनी में चावल और दूध से बनी खीर रात में रखने के बाद सुबह उसका सेवन करने से श्वांस और अस्थमा जैसी बीमारियों से भी फायदा मिलता है। इसी दिन गुरु, धनु और शनि मकर राशि में रहेंगे।
ये रहेगा मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी के अनुसार शुक्रवार शाम 5 बजकर 45 मिनट से शरद पूर्णिमा की तिथि का आरंभ हुआ। यह शनिवार को रात्रि 8:18 बजे तक रहेगी। चूंकि उदय तिथि के अनुसार ही तिथि मान्य होती है। इसलिए अधिकांश लोग शनिवार को शरण पूर्णिमा मनाएंगे।