राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा याेजना में चयनित जिले के करीब 15 लाख व्यक्तियाें काे गेहूं व चना नवंबर तक नि:शुल्क मिलेगा। काेराेना वायरस संक्रमण के चलते यह निर्णय लिया गया है।प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न याेजना के क्रियान्वयन काे लेकर सरकार ने काम शुरू कर दिया है। जिला रसद अधिकारी यशवंत भाकर ने बताया जिले में खाद्य सुरक्षा में चयनित परिवाराें काे पहले से ही राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
अब केंद्र सरकार के ऐलान के बाद याेजना काे नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। इससे निर्धन वर्ग के लाेगाें काे राहत मिलेगी। उन्हाेंने बताया कि इस याेजना में शामिल नहीं हाेने वाले प्रवासियाें काे राज्य सरकार की ओर से मई और जून का एक साथ गेहूं व चने का वितरण किया जा चुका है।
प्रवासियाें काे एक बार में ही दाे माह के लिए दस किलाे गेहूं व प्रति परिवार दाे किलाे साबुत चना नि:शुल्क दिए गए है। याेजना से बीकानेर में 93 हजार परिवार के तीन लाख 21 हजार लाेगाें काे राहत मिली है। फिलहाल यह याेजना जून में बंद हाे चुकी है। प्रति व्यक्ति पांच किलाे गेहूं और प्रति परिवार एक किलाे चना दाल हर माह मिलेगी।
सरस डेयरी के अध्यक्ष रामलाल जाट ने मंगलवार को दही व मावे की कुल्फी सहित डेयरी के तीन नए प्रोडक्ट लाॅन्च किए। इसके अलावा अब डेयरी हल्दी, केसर एवं तुलसी युक्त दूध भी सप्लाई करेगी जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने में मदद करेगा।
इस दूध की ट्रायल पूरी हो चुकी है और जुलाई में सप्लाई शुरू हो जाएगी। यह 200 एमएल में होगी। इसकी कीमत 25 रुपए होगी। 200 एमएल सामान्य दूध की कीमत 20 रुपए हैं। मंगलवार को डेयरी परिसर में जाट ने यह जानकारी दी। जाट ने बताया कि रोजगार देने की दिशा में पहल करते हुए एक लाख 60 हजार रुपए तक का लोन बिना गारंटी दिया जा रहा है।
डेयरी उत्पादों की जानकारी दी
डेयरी की ओर से पशुपालकों की सुरक्षा के लिए 15 हजार हेलमेट शीघ्र ही वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री वीसी के माध्यम से हेलमेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। डेयरी की प्रबंधक आशा शर्मा ने डेयरी उत्पादों के बारे में जानकारी दी। एलके जैन, विमल पाठक, राजेंद्र उदावत, अरविंद गर्ग आदि उपस्थित थे।
बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट ने शादी में दहेज से इनकार कर दिया। शगुन के तौर पर सिर्फ एक रुपए लेकर शादी के बंधन में बंधे। असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर बीकानेर सेक्टर में तैनात पंकज के इस कदम की बल मुख्यालय पर खूब सराहना हो रही है।
झेरली पिलानी निवासी अध्यापक महेंद्र एवं गायत्री देवी के पुत्र असिस्टेंट कमांडेंट पंकज की शादी जयपुर के हरमाड़ा निवासी रामचन्द्र की बेटी पूजा के साथ 27 जून को सादगी से संपन्न हुई। कोरोना महामारी में सरकारी नियमों का पालन करते हुए बारात में मात्र 25 लोग ही शामिल हुए। शादियों में बढ़ते दहेज व फिजूलखर्ची की होड़ के बीच इस परिवार ने दहेज ठुकराकर समाज में अनुकरणीय उदाहरण पेश किया।
जायल पंचायत समिति के ग्राम पंचायत सोनली के सरपंच व ढावा स्थित सेंट स्टीफन शिक्षण संस्थान के संचालक ने मंगलवार को एक मायरा भरकर एक अच्छी मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार बुगरड़ा निवासी संतोष पत्नी रामेश्वर सोनी के बेटे की मंगलवार को शादी थी तो सोनली सरपंच को भी शादी में आने का निमंत्रण दिया गया था।
शादी में आए तो उनको पता चला कि संतोष के पीहर पक्ष की ओर से कोई मायरा भरने के लिए नहीं आया तो सोनली सरपंच मनीराम बिडियासर व गोविन्दराम बिडियासर ने संतोष सोनी को एक लाख इक्कावन हजार रुपए का चेक देकर एक भाई की भूमिका निभाते हुए मायरा भरा। सरपंच के उठाए गए इस कदम की ग्रामीणों ने भी जमकर सराहना की। उल्लेखनीय है कि पुराने समय से मायरे को लेकर जायल-खिंयाला के जाटों का मायरा देश में प्रसिद्ध रहा है।
प्रदेश के 129 स्थानीय नगर निकायों के चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत मतदाता 3 जुलाई तक मतदाता सूचियों में नाम जुड़वा या हटवा और संशोधन करवा सकते हैं। इसके लिए मतदाता को आवेदन करना होगा। इन निकायों का कार्यकाल अगस्त महीने में समाप्त होने जा रहा है।
नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 20 जुलाई को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने अगस्त माह में होने वाले संभावित चुनाव के लिए उपयोग में ली जाने वाली निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जून 2020 को जारी किया था। उसके अनुसार निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन 27 जून को किया गया। दावे एवं आक्षेपों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित है।
दावे और आक्षेपों के निस्तारण की अवधि 10 जुलाई तय की गई है। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 20 जुलाई को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के डिप्टी सेक्रेटरी अशोक जैन ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जिसकी उम्र 1 जनवरी, 2020 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं ।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कॉलेज परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की गई है। मंगलवार को इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलपति से मिले। डूंगर कॉलेज के छात्र संघ महासचिव बीरबल कुमावत ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर असमंजस जल्द से जल्द दूर हो और विद्यार्थियों के सामने तस्वीर साफ करने की मांग की गई।
एबीवीपी के महेंद्र ढाका ने कुलपति को ज्ञापन देकर कहा कि वर्तमान समय में बीकानेर में कोरोना विस्फोट हो रहा है ऐसे में परीक्षाएं रद्द हो। विद्यार्थियों को सीबीएसई के भांति विकल्प दिया जाए। राजस्थान के अलावा हरियाणा सहित अन्य राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रेष्ठ विकल्प अपनाया जाए। प्रतिनिधिमंडल में महानगर मंत्री हेमंत सुथार, मुकेश पूनिया, रामनिवास बिश्नोई, काननाथ गोदारा,प्रखर मित्तल, हनुमान सिंह, देवेन्द्र ख्याली, कमल चारण,संदीप बिश्नोई आदि शामिल हुए।
इधर, बेमियादी धरना शुरू
कोरोना संक्रमण काल में कॉलेज परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग को लेकर विद्यार्थी संघर्षरत हैं। इसी कड़ी में मंगलवार से एनएसयूआई ने डूंगर कॉलेज परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष रामनिवास कूकणा ने कहा की वर्तमान में इस महामारी के बावजूद परीक्षाओं का आयोजन करना विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होगा। साथ ही परीक्षाओं के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों में संक्रमण के कारण कोरोना का फैलाव ग्राम स्तर पर होने से इस महामारी को नियंत्रण कर पाना असम्भव होगा।
डूंगर कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्णकुमार गोदारा ने कहा की वर्तमान में महामारी के चलते उत्पन्न हुई आर्थिक चुनौती को देखते हुए विद्यार्थियों की वर्तमान सत्र की फीस माफ की जाए। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रामनिवास कूकणा ने कहा सभी विद्यार्थियों को जनरल प्रमोट करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बीकानेर मे एनएसयूआई के बैनर तले बेमियादी धरना शुरू किया। धरने पर पूर्व सचिव राजूराम गोदारा, दिनेश कस्वां, मोहित चारण आदि बैठे।
राजकीय यूनानी दवाखाना शास्त्रीनगर एवं तंजीम मुस्लेमीन सेवा सोसायटी ने कोविड-19 जन जागरूकता अभियान के तहत 356 क्षेत्रवासियों को युनानी जाेशांदा का काढा पिलाया।
भाेपालपुरा रोड काढा वितरण कार्यक्रम में यूनानी दवाखाना के डॉ. एम तारीक बरकाती, जामा मस्जिद के इमाम हफीजुर्रमान, शहर काजी अशरफ अजहरी जिलानी मुख्य अतिथि थे।
अखिल भारतीय खटीक समाज ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शैलेंद्र डिडवानिया ने ज्ञापन में बताया कि बूंदी जिले के लाखेरी निवासी नायब सूबेदार विजयकुमार बड़गुर्जर 24 साल से सेना में सेवा दे रहे हैं। 8 जनवरी 2018 को विजय के पिता हजारीलाल एवं माता कैलाशी बाई का कोटा से अपहरण कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने घटना स्थल से खून से सने कपड़े तो बरामद किए। लेकिन मृतकों के शव अभी तक बरामद नहीं कर पाई। इसलिए आरोपीगण जमानत पर छूट गए। खटीक समाज ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए सीबीआई जांच की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान जिलाध्यक्ष शैलेंद्र डिडवानिया, बंशी लाल पटेल, जगदीश खोईवाल, शांति लाल चावला, भैरूलाल चावला, कैलाश चंदेल एवं नरेश सोलंकी उपस्थित थे।
नगर परिषद चुनाव-2020 की पूर्व तैयारियां के तहत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 27 जून को किया जा चुका है। चुनाव अधिकारी (एसडीएम) टीना डाबी ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन की मतदाता सूचियों में दावे आपत्तियां देने की अंतिम तिथि 3 जुलाई है। नियुक्त पदाभिहित अधिकारी को निर्धारित मतदान केंद्र पर नियत तिथि प्रस्तुत कर सकते है।
अब जिला निर्वाचन आयोग ने भी मान लिया कि भीलवाड़ा उपखंड कार्यालय से नगर परिषद चुनाव के लिए जारी मतदाता सूचियों में काफी गड़बड़ियां हैं। इसलिए किसी वार्ड में 770 मतदाता ही रह गए तो किसी में 6617 मतदाता हैं। जिला निर्वाचन आयोग की ओर से करवाई गई प्रारंभिक जांच में ऐसे 32 वार्ड मिले हैं जिनमें जनसंख्या के अनुपात में मतदाताओं की संख्या में बहुत ज्यादा अंतर है।
जांच में पाया गया कि किसी वार्ड में जनसंख्या के मुकाबले 134.93 प्रतिशत मतदाता हैं तो किसी वार्ड में केवल 15.68 प्रतिशत मतदाता है। दैनिक भास्कर की ओर से मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ियों को लगातार खबरें प्रकाशित करने के बाद मंगलवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने भीलवाड़ा एसडीएम कार्यालय और नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों की मीटिंग ली और इस मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाई।
मीटिंग के बाद एसडीएम कार्यालय की ओर से संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ को दोबारा सर्वे करने के आदेश दिए हैं। इन 32 वार्डों को बुधवार से दोबारा सर्वे शुरू होगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
गलतियां ऐसी जैसे आंखें मूंदकर तैयार की सूची...पुर के मतदाता 6 किलोमीटर दूर वोट देने आएंगे
पहली: वार्ड 1 की भाग संख्या छह में क्रम संख्या 228 से 631 तक के मतदाताओं को मंगलपुरा में जोड़ दिया। इनको मंगलपुरा वोट देने जाना पड़ेगा। पुर से मंगलपुरा की दूरी छह किलोमीटर है। पार्षद शारदा चौबे ने बताया कि इनका मतदान केंद्र पुर में ही होना चाहिए था। इनको छह किमी दूर वोट देने जाना पड़ेगा। दूसरी: वार्ड संख्या एक पुर की भाग संख्या 4 में क्रम संख्या 486 से 665 तक के लक्ष्मीपुरा के मतदाताओं को पुर में जोड़ दिया गया। लक्ष्मीपुरा में इनके लिए मतदान केंद्र नहीं बनाकर पुर में जोड़ दिया। इसलिए अब इनको वोट देने के लिए करीब 6 किलोमीटर दूर पुर आना पड़ेगा। तीसरी: राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय, पुर कमरा नंबर नौ में जो मतदाता वोट देने आएंगे वे मंगलपुरा और लक्ष्मीपुरा के हैं। भाग 5 के इस बूथ पर 718 मतदाता हैं। अधिकांश मंगलपुरा और बाकी लक्ष्मीपुरा के हैं लेकिन कर्मचारियों की गलती के कारण इनको वोट डालने के लिए पुर आना पड़ेगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को अपने शक्ति नगर निवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान कोटा-बूंदी से अलग-अलग समस्याएं लेकर लोग उनके पास पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान चीन विवाद पर बिरला ने कहा कि भारत ऐसा देश है जिसमें अपनी सीमाओं को सुरक्षित रखने की शक्ति और सामर्थ्य है। हमारी सेना आधुनिक संसाधनों से लैस है। शक्तिशाली है। हमारी सीमा पर कोई अतिक्रमण करने का प्रयास भी करेगा तो उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। टिड्डी संकट पर बिरला ने कहा कि समस्या पूरे देश की है, दिल्ली में भी अधिकारियों से बातचीत की गई है, केंद्र सरकार भी इसके लिए गंभीर है और व्यापक सुरक्षा के इंतजाम कर रही है।
टिड्डियों को रोकने के लिए राज्य सरकार भी प्लान कर रही है, पूरा रोडमैप तैयार किया जा रहा है। किसानों को बीज नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि हाड़ौती के किसानों को निश्चित रूप से अच्छी क्वालिटी का बीज मिलना चाहिए। मैंने इस संबंध में अधिकारियों से भी बात की थी। अब इस समस्या को राज्य के कृषि मंत्री से अवगत कराकर समाधान कराएंगे। इससे पहले बिरला ने परिवार सहित पौधारोपण कर संसदीय क्षेत्र में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
7 जुलाई तक होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र में एफसीआई अब 7 जुलाई तक समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद करेगी। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। कोटा-बूंदी क्षेत्र में इस वर्ष गेहूं की बंपर पैदावर हुई है। एफसीआई के कांटों पर किसानों की बड़ी संख्या को देखते हुए गेहूं खरीद के लक्ष्य भी बढ़ाए गए थे।
एक युवती द्वारा बिजली विभाग के लाइनमैन के घर पर नौकरी के नाम पर एंट्री करने और फिर दुष्कर्म के केस में फंसाने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हैरानी की बात तो यह है कि न लाइनमैन युवती को नहीं जानता है और उसकी युवती से सिर्फ एक बार बात हुई है। पुलिस ने गैंग का पर्दाफाश करके दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। इस गैंग में एक वकील और ऑटो चालक भी शामिल है।
भीमगंजमंडी सीआई हर्षराज सिंह खरेड़ा ने बताया कि 20 जून को बिजली विभाग के लाइनमैन सीताराम ने हनीट्रैप मामले की शिकायत दी। उसने पुलिस को बताया कि लॉकडाउन से पहले एक महिला उसके घर घरेलू कार्य करने की बात करने आई। लेकिन, उसने इनकार कर दिया। लॉकडाउन खत्म होते ही 6 जून को एक युवती का फोन आया, जिसने कहा कि उसे काम की जरूरत है और उसकी मां भी काम मांगने आई थी। 7 जून को युवती सीताराम के घर पहुंच गई, जहां पैसे ज्यादा मांगने पर सीताराम ने मना कर दिया और एक दिन का मेहनताना देकर उसे रवाना कर दिया। करीब 5 दिन बाद एक वकील बाबूलाल मेघवाल का फोन सीताराम के पास गया और उसने कहा कि तुमने झाडू-पोछा करने आई युवती से दुष्कर्म किया है।
तुम्हारे खिलाफ केस दर्ज करवाएगी, लेकिन मैं समझौता करवा सकता हूं। सीताराम डर गया और 1.40 लाख रुपए दे दिए। कुछ दिन बाद वकील 10 लाख रुपए मांगने लगा तो सीताराम ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने प्रताप कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी की मुमताज उर्फ जीनत, हनुमान बस्ती की अनीता राठौड़ और प्रताप कॉलोनी के निसार अहमद को गिरफ्तार किया है। एक कार और 2 स्कूटी भी जब्त की है।
पैरेलल इन्वेस्टिगेशन-10 से 25 लाख वसूलती है हनी ट्रैप गैंग
पुलिस ने जिस हनी ट्रैप गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया, वो कोटा शहर में कई वर्षों से सक्रिय हैं। यह गैंग व्यापारियों, प्रतिष्ठित लोगों, कमजोर युवकों को अपना निशाना बनाकर उनसे 10 से 25 लाख रुपयों तक वसूलती हैं। गैंग के सदस्यों के खिलाफ शहर के आरकेपुरम, दादाबाड़ी, अनंतपुरा समेत अन्य थानों में इस तरह के मामले पहले से भी हैं। मुमताज और अनीता दोनों महिलाएं काफी शातिर हैं और कानूनी दांव-पेंच से बचने के लिए वकीलों का सहारा लेती हैं। यह दोनों पहले भी ऐसे मामलों में गिरफ्तार हो चुकी हैं। दरअसल, लोग इज्जत के डर के कारण पुलिस थानों तक नहीं जाते और ऐसे में इन बदमाशों को हौसला बढ़ जाता है। ऐसे कई मामले सामने आ चुके, जिनमें फरियादी पुलिस के सामने पैसे देना कबूल कर चुके।
भास्कर रिकॉल : हनी ट्रैप के शहर के दो चर्चित मामले
कैथूनीपोल के व्यापारी से मांगे थे 50 लाख
कैथूनीपोल के एक नामी व्यापारी को ऐसी की एक गैंग ने मई 2017 में ऐसे ही जाल में फंसाया था। गैंग की युवती पूजा ने व्यापारी पर झूठा केस दर्ज तक करवा दिया था और उसमें समझौता करने के एवज में 50 लाख रुपयों की डिमांड की थी। व्यापारी ने भी पूजा, फिरोज, सानू, चाचा, श्वेता, नाजमीन इत्यादि पर केस दर्ज करवाया था। जिन्हें अनुसंधान के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुआ हनी ट्रैप का केस
विज्ञान नगर पुलिस ने 2019 में बर्खास्त हैड कांस्टेबलरविन्द्र मलिक, हैड कांस्टेबल योगेश बाबू व एक युवती के खिलाफ हनी ट्रेप का मुकदमा दर्ज किया। नशामुक्ति केन्द्र संचालक तेजवीर यह शिकायत दी थी। जिसमें कहा था कि उसे फंसाकर 10 लाख रुपए मांगे और न देने पर जेल जाने को तैयार रहने की धमकी दी।
कोरोना महामारी ने सीए की जिंदगी जीने का तरीका बदल दिया है। इंटरनेट के युग में सीए भी अपने ऑफिस के काम वर्क फ्रॉम होम पैटर्न पर करने लगे हैं। मेट्रो सिटी व मिनी मेट्रो सिटी में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रभाव के चलते लगभग 50% से ज्यादा फर्म्स ने वर्क फ्रॉम होम कल्चर को अपनाया है। टायर टू और टायर 3 सिटीज में भी सीए अपने क्लाइंट्स से कागजात ईमेल या फोन पर ही मंगा रहे हैं। क्लाइंट्स भी इस तरीके को अपनाकर खुश हैं।
इस प्रयोग से महामारी से संक्रमण का खतरा भी कम है और समय की बचत भी होती है। सभी सीए फर्म इतने सारे कानूनों की तारीख को ध्यान में रखते हुए अपने ज्यादातर स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम पैटर्न से चला रहे हैं। सीए भी इससे संतुष्ट है क्योंकि वह किसी स्थान विशेष की सीमा में न बंधकर ग्लोबल सर्विस दे सकते हैं।
सरकार की ई-असेसमेंट और ई-स्क्रुटनी भी वर्क फ्रोम होम कल्चर की सहायक है और आने वाले समय के अनुरूप ही है। सरकार की ओर से कोरोना से उबरने के लिए दी गई बैंक की स्कीम्स को भी सीए ही लोगों को अच्छे से अवगत करवा रहे हैं। कई तरह के कानून में बदलाव भी हुए हैं। एक साथ तीन महीने का काम आने के कारण मई व जून महीने में सीए फर्म्स की काम में करीब 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है।
नए सीए (नई तकनीकी ज्ञान) व पुराने सीए (अनुभव) दोनों साथ साथ मिलकर भविष्य की बड़ी संभावनाओं की तैयारी में लगे हैं। अभी जिस हिसाब से वर्किंग चल रही है और काम बढ़ा है उस लिहाज से कह सकते हैं कि सीए की डिमांड बढ़ेगी।
13 मई से वक्री हुए शुक्र शुक्रवार यानि 26 जून काे मार्गी हो गए हैं। शुक्र के वक्री होने से स्वास्थ्य स्थितियाें में सुधार होने का दावा किया जा रहा है, वहीं बाजार में मंदी छंटने के अासार भी बता रहे हैं। ज्योतिषियों का कहना है कि शुक्र ग्रह के अधिपत्य में आने वाली वस्तुओं की खरीदी में तेजी आएगी। शुक्र वैभव, सुख समृद्धि, सौंदर्य और औषधि के अधिपति देव माने जाते हैं।
संभव है कि इसके अगले माह वृषभ से मिथुन राशि में पहुंचने के साथ ही महामारी के इलाज से संबंधित कोई दवा भी बाजार में आ सकती है। इसके सीधी चाल में आने से जिनके दांपत्य जीवन में तनाव चल रहा है, वह भी समाप्त होने लगेगा। नगर व्यास पंडित राजेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्र वृषभ राशि में वक्री थे, जो अब मार्गी हो गए हैं।
अगले 13 सितंबर को देव गुरु बृहस्पति भी मार्गी हो जाएंगे। इसके बाद इस बात की संभावना बढ़ सकती है कि महामारी का कहर कम होगा। अन्य समस्याएं भी काबू में आने की स्थिति में रहेगी। शुक्र के वक्री रहने के कारण देश विदेश में व्यापारिक गतिविधियां मन्द हो गई थी।
अगले महीने शुक्र का मिथुन राशि में प्रवेश
अगले माह शुक्र ग्रह का मिथुन राशि में प्रवेश होगा। पंडित अशोक शर्मा के अनुसार 6 वक्री ग्रहों का योग समाप्त हो जाएगा। अब राहु केतु के अलावा बुध, गुरु व शनि ही वक्री चाल में है। इस कारण अभी हालात सितंबर तक बहुत अधिक अच्छे नहीं रहेंगे। शुक्र के मार्गी होने के कारण लोगों के जीवन में परेशानियां कम होने लगेगी। इसके अलावा चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता हाथ लगने की भी संभावना जताई जा रही हैं।
विवाह के लिए अब 4 माह 25 दिन इंतजार
अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष विज्ञान शाेध संस्थान के अध्यक्ष डाॅ. सीताराम त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को अंतिम सावा था। अब 25 नवंबर से मुहूर्त रहेंगे। एक जुलाई काे देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास की स्थिति आरंभ होगी। इस दौरान शुभ कार्य नहीं होंगे। मुहूर्त 4 महीने 25 दिन का इंतजार करना पड़ेगा। इसके बाद 25 नंवबर को 8 रेखा, 30 नंवबर को 8 रेखा का देव दीपावली का सावा होगा। वहीं 1 दिसंबर को 7 रेखा और 9 दिसंबर को 8 रेखा का सावा शुभ होगा।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में कक्षा 2 से 9 में प्रवेश के लिए लॉटरी निकाली।
प्रधानाचार्य शिशिर कुमार सिंह ने बताया कि एडीईओ नारायण लाल जागेटिया की उपस्थिति में लॉटरी दोपहर 1:30 बजे विद्यालय में निकाली।
कक्षा दो के लिए 45 आवेदनों में से 15, कक्षा तीन में 40 आवेदनों में से 9, कक्षा चार में 37 आवेदनों में से 13, कक्षा पांच के लिए 34 आवेदनों में से 18, कक्षा 6 के लिए 67 आवेदनों में से 26, कक्षा सात के लिए 53 आवेदनों में से 9, कक्षा 8 के लिए 42 आवेदनों में से 11 एवं कक्षा 9 के लिए 54 आवेदनों में से 30 सीटों के लिए लॉटरी निकाली। कक्षा के अनुसार प्रतीक्षा सूची भी जारी की गई।
भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत कस्बे के दो वरिष्ठ भाजपा नेताओं का सम्मान किया गया। मंगलवार को भाजपा नेता प्यारेलाल ढूकिया के सानिध्य में भाजपा मंडल अध्यक्ष भवानी शंकर महनसरिया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में कार्यकर्ता बैजनाथ सैनी व द्वारका प्रसाद सैनी को प्रधानमंत्री मोदी टू- एक साल की उपलब्धि से जुड़ी पुस्तक भेंट की गई। पवन धौलपुरिया, श्री किशन स्वामी, महावीर शर्मा आदि मौजूद थे।
शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के कांवाखेड़ा में मंगलवार देर रात एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो युवकों के बीच आपसी झगड़े में एक युवक ने गुप्ती मारकर दूसरे युवक की हत्या कर दी। इस वारदात से सनसनी फैल गई। घटना के बाद कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
डीएसपी सिटी भंवर रणधीर सिंह के अनुसार कांवाखेड़ा निवासी राहुल (18) पुत्र राजेंद्र सेन और इसी क्षेत्र में रहने वाले कुलदीप पुत्र श्यामलाल सेन के बीच मंगलवार रात करीब 10.30 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर कुलदीप सेन पड़ोस में अपने घर से गुप्ति उठा कर लाया और उसने राहुल के सीने में गुप्ती से वार कर दिया।
सीने में गहरी चोट लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे परिजन महात्मा गांधी अस्पताल अस्पताल ले गए, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर, सरेआम हत्या की इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर शहर कोतवाल नेमीचंद चौधरी सहित अन्य थानों से पुलिस जाब्ता अस्पताल पहुंच गया। इधर, हमला करने के बाद आरोपी कुलदीप सेन फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ की।
लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरुक करने के लिए मंगलवार को राजकीय जटिया अस्पताल से ‘कोरोना जन जागृति अभियान’ की शुरुआत हुई। शुभारंभ जटिया अस्पताल की डॉ. निकिता, डॉ. विमला एवं अकाउंटेंट सुशील सैनी ने ट्रस्ट के बैनर के विमोचन के साथ किया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष किशन सैनी ने बताया कि पहले दिन बिसाऊ रेलवे स्टेशन एवं पंजाब नेशनल बैंक के बाहर बैनर लगाए। ट्रस्ट के प्रभारी सूर्यकान्त, कोरोना प्रभारी पर्वत सिंह, सदस्य योगेश सैनी एवं आनन्द सैनी आदि मौजूद थे।
प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 11 दिन में ही फिर फायरिंग की घटना हाे गई। जवाहरनगर क्षेत्र में स्थित घोसी मोहल्ले में साेमवार रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक सवार दाे बदमाशाें ने घर के बाहर बैठे युवकाें पर पिस्टल से फायरिंग की। फायरिंग की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इसी क्षेत्र के दाे युवकाें काे नामजद किया है।
बदमाशाें ने ये फायरिंग माेहल्ले में बाइक तेज चलाने पर टाेकने की रंजिश में की। इस फायरिंग में भी जवाहरनगर का कनेक्शन मिला है। जानकारी के अनुसार जवाहरनगर के घोसी मोहल्ला में कुछ युवक रात करीब 11.30 बजे घर के बाहर बैठे थे। इस दौरान बाइक पर दो युवक आए और पिस्टल से हवाई फायर कर भाग छूटे। गोली के धमाके से क्षेत्रवासी सहम उठे और घराें के बाहर निकल आए।
फायरिंग काे लेकर घोसी मोहल्ले के एक व्यक्ति ने लेबर कॉलोनी निवासी कुलदीप उर्फ शूटर और जवाहरनगर निवासी समीर पठान के खिलाफ रिपाेर्ट दर्ज करवाई है। माेहल्लेवासियाें ने बताया कि बाइक सवार युवक माेहल्ले से गुजरते समय तेज स्पीड से चलाते हैं। इसकाे लेकर टाेका था, जिससे खफा हाे गए और कुछ समय बाद पिस्टल लेकर आए और फायरिंग कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी सहित मामले की जांच में जुटी हुई है।
पूर्व पार्षद पर 11 दिन पहले हुई थी फायरिंग, 4 आराेपी गिरफ्तार
प्रतापनगर थाना क्षेत्र में ही गत 18 जून काे पूर्व पार्षद महेंद्र घबरानी पर बापूनगर स्थित उनके घर के बाहर बुलेट पर आए दो जनाें ने पिस्टल से तीन फायर किए थे, लेकिन वे बच गए थे। पुलिस ने चार लोगों काे गिरफ्तार किया था।
फायरिंग का फिर से निकला जवाहरनगर कनेक्शन
पूर्व पार्षद घबरानी पर फायरिंग के मामले में मुख्य आराेपी महेश राव काे पिस्टल उपलब्ध करवाने के मामले में पुलिस ने जवाहरनगर के ही जाकिर खान पठान काे गिरफ्तार किया था। जाकिर ने ये पिस्टल राशमी क्षेत्र के ऊंचा निवासी लाला खान से खरीदकर दी थी। साेमवार रात हुई फायरिंग में भी एक आराेपी जवाहरनगर निवासी समीर पठान है।
शहर में जून का आखिरी दिन भी जानलेवा ही रहा। एक दिन की राहत के बाद मंगलवार काे फिर एक 72 वर्षीय महिला की काेराेना ने जान ले ली, वहीं दो साल के बच्चे, एमडीएम की दो नर्स सहित 55 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए। हालांकि 48 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया।
हम अप्रैल और मई से जून माह की तुलना करें तो सर्वाधिक मरीज 1263 और 32 मौतें इसी माह हुई हैं। शहर में काेराेना से अब तक 51 मरीजाें की माैत हाे चुकी है। इसमें से अप्रैल में जहां सात माैत हुई थी, वहीं मई में 12 लाेगाें की जान गई थी।
तब शहर में कुल मृत्यु दर सिर्फ 1.24 प्रतिशत थी, लेकिन जून में अनलाॅक हाेते ही शहर में माैताें का सिलसिला बढ़ गया। जून में सबसे ज्यादा 1263 संक्रमित मरीज मिले, जिनमें से 32 की जान चली गई। जून माह की मृत्यु दर 2.53 प्रतिशत रही, जिसके चलते कुल मृत्यु दर 0.62 प्रतिशत बढ़कर 1.84 प्रतिशत पहुंच गई।
शहर में मंगलवार काे 55 मरीज मिले, जिसमें दाे साल का बच्चा, एमडीएम के रिकॉर्ड रूम में कार्यरत स्टाफ नर्स, ट्रोमा में कार्यरत एक नर्स भी शामिल है। शहर में सबसे ज्यादा छह मरीज प्रताप नगर से मिले। कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड से चार, भगत की कोठी से तीन, अरविंद नगर, नेहरू पार्क, सीएचबी 18 सेक्टर से तीन, घोड़ाें के चौक, सराफा बाजार व जूनी मंडी से दो-दो मरीज मिले।
आठ मील बर्ली, बोरी, भेरू बाग, पटेलवास जेडब्ल्यूआर, बलदेव नगर मसूरिया, मोहन जी की हवेली पावटा, 601 बी 10वीं बी रोड सरदारपुरा, रूपरजत कॉलोनी, श्रमिकपुरा मसूरिया, सेक्टर 11/400, सेक्टर 14/4, सीएचबी, सेक्टर 21/190 सीएचबी, रामदेव कॉलोनी चांदपोल, जूनी मंडी, जनता कॉलोनी, शिकारगढ़, बासनी फेज 2, भेरू विलास, कर्मा नगर, मालवीय नगर, मंडोर, कलाल कॉलोनी नागोरी गेट, कमला नेहरू नगर, 1 डी सीएचबी प्रथम पुलिया से एक-एक मरीज मिला। पांच मरीज पीपाड़ से सामने अाए हैं। साेमवार काे भी पीपाड़ से 6 मरीज मिले थे।
खांडाफलसा की वृद्धा ने दम ताेड़ा
सात दिन से एम्स में भर्ती खांडाफलसा निवासी शकुंतला देवी ने मंगलवार को आखिरी सांस ली। सांस लेने में परेशानी के साथ एक्यूट किडनी इंजरी के चलते इन्हें 23 जून काे एम्स में भर्ती किया गया था। एम्स में बाड़मेर निवासी बाबूलाल ने भी मंगलवार को दम ताेड़ दिया। वह 15 जून से खून की कमी, हाइपर टेंशन के चलते आईसीयू में भर्ती थे। 2,225 की जांच में 55 पॉजिटिव
मंगलवार को 2225 संदिग्धों की जांच में 55 पॉजिटिव मरीज सामने आए, जिसमें 24 महिलाएं और 31 पुरुष हैं। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में 1161 संदिग्धों की जांच में 31, डीएमआरसी में 685 संदिग्धों की जांच में 11 और एम्स में 379 संदिग्धों की जांच में 13 पॉजिटिव मरीज सामने आए।
सुपर स्प्रेडर की 5 श्रेणी तय हर 15 दिन में कोरोना टेस्ट करवाना हाेगा
कोरोना को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन ने चार श्रेणी के सुपर स्प्रेडर और क्रॉनिक डिजीज वाले लोगों को प्रत्येक 15 दिन में टेस्ट करवाना अनिवार्य कर दिया है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से कोरोना वायरस की प्रभावी रोकथाम के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई हैं।
इसके तहत सुपर स्प्रेडर श्रेणी के लोगों का हर पखवाड़े टेस्ट करवाना जरूरी है। इस आधार जिले के लिए कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने गाइडलाइन जारी की है। टेस्ट से मना करने, लापरवाही बरतने पर राजस्थान एपिडेमिक डिजीज एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
सुपर स्प्रेडर जिस संस्थान में कार्यरत है, उसे सीज भी किया जाएगा। इसके अलावा सर्वे व सैंपलिंग के दौरान चिह्नित संदिग्ध व्यक्ति या किसी पॉजिटिव के क्लोज संपर्क में आने वाले व्यक्ति का टेस्ट करवाना जरूरी है। इससे इनकार करने पर खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। 1.औद्योगिक मजदूर व कामगार : फैक्ट्री में काम करने वाले, रोजाना हाजिरी पर काम करने वाले, प्रवासी श्रमिक, अस्थायी यात्रा वाले श्रमिक, होटल में कार्यरत वर्कर, सर्विस सेक्टर के वर्कर शामिल हैं। ये बड़े ग्रुप में होने के कारण इनसे संक्रमण फैलने की आशंका रहती है।
2.ड्राइवर :एंबुलेंस, बस, ऑटो, टैक्सी, कैब चालक शामिल हैं। ये दिन में कई लोगों के संपर्क में आते हैं। इसके साथ बस कंडक्टर, खलासी व सफाई करने वाला भी शामिल है। 3बैंक, पोस्ट, कूरियर व टेलिकॉम अफसर : सरकारी व निजी बैंक, बड़ी व छोटी शाखाएं, पोस्ट ऑफिस, टेलिकॉम ऑफिस व कूरियर ऑफिस शामिल हैं।
4. शॉप : वेंडर्स, दुकानों पर काम करने वाले, किराणे की दुकान, ग्रोसरी, सब्जी, दूध, बेकरी, दवा की दुकान व सैलून वाले शामिल हैं। 5. क्रॉनिक डिजीज : शुगर, बीपी, कैंसर, श्वांस, किडनी, डायलिसिस, थायराइड, टीबी, हार्ट, एचआईवी जैसे रोगी जिनमें इम्युनिटी कम होती है।
काेराेनावायरस काे काबू में रखने के उपायाें से भीलवाड़ा दुनिया में माॅडल बना। यह संभव हुआ है एमजी अस्पताल के डाॅक्टर्स के कारण। इन्हीं डाॅक्टर्स के समर्पण का एक उदाहरण हैं सुशीलराज राजाैरिया। आइसाेलेशन वार्ड में लगातार ड्यूटी दी। खुद संक्रमित हाे गए ताे यहीं भर्ती हुए।
भर्ती रहते हुए चिकित्सकीय पेशे का धर्म नहीं भूले। वार्ड में उसी तरह अन्य काेराेना राेगियाें का उपचार करते रहे जैसे बीमार हाेने से पूर्व करते रहे। वे स्वस्थ हुए साथ ही सैकड़ाें मरीजाें के लिए नया जीवन जीने का हाैसला बने। आज डाॅक्टर्स डे पर इन्हीं सुशीलराज की कहानी।
बुखार आया था। 18 जून काे सैंपल दिया। इसकी रिपाेर्ट 19 जून काे आई जाे पाॅजिटिव थी। उसी दिन शाम काे उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया गया। वार्ड में भर्ती हाेने पर कुछ समय ताे मन नहीं लगा। साेचा कि साेते रहने से ताे अच्छा है राेगियाें की सेवा में लगें। तब वार्ड में भर्ती राेगियाें का उपचार करने लगे। इसके बारे में पीएमओ डाॅ. अरुण गाैड़ से भी कहा ताे उन्हाेंने कहा कि आप की मन हाे अाप वार्ड में ड्यूटी दाे। इसके बाद से ही वार्ड में ड्यूटी देने लगा।
आम दिनाें की तरह ही वे मरीजाें से मिलते। पीपीई किट पहने, दूरी बनाए रखते हुए सेवा करता। वार्ड में रहने का एक फायदा यह रहा कि 24 घंटे मरीजाें के लिए उपलब्ध था। उनकी पारिवारिक परेशानियाें के बारे में भी बात हाेती। वार्ड में रेागी काेराेना से डरे रहते हैं। मैं कहता हूं कि डरने की जरूरत नहीं है। मैं ताे डाॅक्टर हूं तब भी काेराेना पाॅजिटिव आ गया हूं। आपके साथ हूं। वैसा ही उपचार ले रहा हूं। मैं स्वस्थ हाे जाऊंगा, आप भी हाेंगे।
मेरा भर्ती रहना काेराेना पीड़ित लाेगाें के मन से डर निकलने में सहायक बना। वार्ड में भर्ती हाेने के बाद पहली ही रिपाेर्ट निगेटिव आ गई ताे दूसरे राेगियाें का भी हाैंसला बंधा। आठ दिन उपचार के बाद मैं 27 जून काे डिस्चार्ज हाे गया। आरसी व्यास काॅलाेनी में रहने वाले पड़ाेसी, दाेस्त, शुभचिंतक फाेन करते। इससे संबल मिलता।
सुबह-शाम किया याेग
मैं सुबह-शाम याेग करता। साथी मरीजाें काे भी याेग करने के लिए जागरुकता करता था। भजन सुनता जिससे मन काे शांति मिलती थी। काेराेना काे लेकर नाॅलेज बढ़ाने के लिए नेट पर स्टडी करता। नई दवा, शाेध के बारे में पढ़ता रहता।
पिता ने संभाला परिवार काे
माता-पति, पत्नी व बच्चे जयपुर रहते हैं। पाॅजिटिव आने पर परिवार सहम गया। पिता मेडिकल से रिटायर हैं। उन्हाेंने सभी काे संभाला और कहा कि ये नार्मल बीमारी है कुछ दिन में ठीक हाे जाएगा। हुआ भी ऐसा ही। अभी सब 14 दिन हाेम क्वारैंटाइन हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के आगे पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ाने के विरोध में पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर आक्रोश जताया। केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान चूरू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भंवरलाल पुजारी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत में लगातार बढ़ोतरी आमजन की आर्थिक स्थिति को खराब कर रही है।
राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा कि लॉकडाउन में वैसे ही आर्थिक मंदी चल रही है, ऐसे में पेट्रोल-डीजल के भावों में बढ़ोतरी से स्थिति और खराब होगी। विरोध प्रदर्शन में सभापति पायल सैनी, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया, जिला उपाध्यक्ष मो. हुसैन निर्वाण, पुसाराम गोदारा, नरेश गोदारा, शहर ब्लॉक अध्यक्ष अबरार खान, देहात अध्यक्ष रामनिवास सारण, रमजान खान, कालूराम महर्षि, खालिद कुरैशी, समीउल्लाह, सोहनलाल मेघवाल, श्रवण बसेर, शाहरुख खान, आरिफ खान, विजय पंवार, गोकुल शर्मा आदि शामिल थे।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने सीकर में भी प्रदर्शन किया
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर शिक्षा राज्य मंत्री गोविंदसिंह डोटासरा के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन कर पेट्रोल डीजल की बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
डोटासरा ने कहा, कोरोना संक्रमण के बीच केंद्र सरकार आम आदमी पर महंगाई का बोझ डाल रही है। कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद केंद्रीय उत्पाद शुल्क में बढोतरी कर आम आदमी को राहत नहीं दी गई। मोदी सरकार जनता से जबरन वसूली कर रही है। ज्ञापन में बताया गया कि 2014 की तुलना उत्पाद शुल्क 10 गुना बढ़ा दिया गया।
कीमत कम करने की मांग, राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवरलाल पुजारी के नेतृत्व में कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में पेट्रोल व डीजल की कीमत में हुई बढ़ोतरी से आमजन की बढ़ने वाली परेशानियों से अवगत करवाया गया। ज्ञापन के जरिए पेट्रोल व डीजल की कीमत कम करने की मांग की गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सोमवार को जेसीटीओ पवन कुमार आहूजा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आराेपी जेसीसीटीओ 15 हजार रुपए 26 जून काे ही ले चुका था। ब्यूरो की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र डिढारिया के नेतृत्व में जेसीटीओ पवन कुमार आहूजा को उसके कार्यालय में रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
मामले में एसीटीओ हिमांशु पारीक काे भी सहआराेेपी माना गया है। एसीटीओ के श्रीविजयनगर कार्यालय और श्रीगंगानगर स्थित आवास पर भी दबिश दी लेकिन गिरफ्तारी नहीं हाे पाई। आराेप है कि यह रिश्वत एक साल की जीएसटी रिटर्न नहीं भरने पर पैनल्टी लगाने की धमकी देकर वसूल की गई। परिवादी प्रेमकुमार नई मंडी घड़साना में फर्नीचर का काराेबार करता है। जेसीटीओ आहूजा के खिलाफ नई मंडी घड़साना निवासी प्रेम कुमार पुत्र बलराम ने ब्यूरो में 26 जून को परिवाद पेश किया था।
इसमें शिकायत की कि जेसीटीओ पवन कुमार आहूजा 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। ब्यूरो ऑफिस ने 26 जून को ही सत्यापन करवाया। इसी दिन प्रेम कुमार ने जेसीटीओ काे रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 15 हजार रुपए दिए। शेष 10 हजार रुपए सोमवार को देने की बात तय की। एसीबी ने बकाया राशि देते हुए आराेपी काे गिरफ्तार करने के लिए साेमवार काे कार्रवाई का निर्णय लिया।
टीम ने परिवादी काे सफेद पाउडर लगे दस हजार रुपए दिए। प्रेम कुमार ने जेसीटीओ को साेमवार काे उसके कार्यालय में दस हजार रुपए देकर इशारा किया। एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर जेसीटीओ काे गिरफ्तार कर रिश्वत की राशि बरामद कर ली। इसके बाद हाथों को पानी से धुलाया ताे इस पर हाथों में रंग आ गया। ब्यूरो की कार्रवाई में डीवाईएसपी वेदप्रकाश लखोटिया व सीआई आनंद कुमार सहित अन्य स्टाफ शामिल था।
एसीटीओ के घर से 7.35 लाख रुपए, कई संपत्तियों के दस्तावेज बरामद, चार बैंक खातों का भी खुलासा
भ्रष्टाचार के इस मामले में सहआराेपी एसीटीओ हिमांशु पारीक के 89 लक्ष्मीनगर स्थित आवास की तलाशी ली गई। अभियान प्रभारी डीवाईएसपी वेदप्रकाश लखाेटिया काे उसके मकान से 7 लाख 35 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 3-4 बैंक खातों का भी पता लगा है। इन खातों की डिटेल निकलवाई जाएगी। एक कार है, जो मां के नाम से है।
संपत्ति ज्यादा निकलने पर एसीटीओ पर आय से अधिक संपत्ति रखने का मुकदमा भी हो सकता है। एएसपी डिढ़ारिया ने बताया कि एसीटीओ हिमांशु का मूल पदस्थापन श्रीविजयनगर था लेकिन उसके पास अनूपगढ़ का अतिरिक्त प्रभार है। इस पूरे मामले में उसकी भूमिका आधी-आधी थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के श्रीगंगानगर चाैकी प्रभारी एएसपी राजेंद्र डिढ़ारिया ने बताया कि रिश्वत की राशि में एसीटीओ हिमांशु पारीक का भी हिस्सा है। हिमांशु पारीक की गिरफ्तारी के लिए उसके श्रीविजयनगर कार्यालय में छापेमारी की गई। लेकिन वहां पर हिमांशु पारीक नहीं मिला। जानकारी के अनुसार उन्हें इस कार्रवाई की भनक लग गई थी। इसलिए एसीबी टीम के पहुंचने से पहले ही वह गायब हाे गया।
हिमांशु पारीक के श्रीगंगानगर स्थित निवास पर भी ब्यूरो द्वारा छापेमारी की गई लेकिन गिरफ्तारी नहीं हाे पाई। वह अपने आवास पर भी नहीं मिला। उसे पकड़ने के लिए अलग से टीम गठित की गई है। जल्दी ही आराेपी काे पकड़ लिया जाएगा।
परिवादी का आरोप...जेसीटीअाे से फर्नीचर के रुपए मांगे ताे पैनल्टी के लिए धमकाया
प्रेम कुमार का नई मंडी घड़साना में दाता फर्नीचर हाउस के नाम से प्रतिष्ठान है। मिली जानकारी के अनुसार यहां से जेसीटीओ पवन कुमार ने घर का फर्नीचर बनवाया था। इस फर्नीचर के भुगतान को लेकर जेसीटीओ पवन कुमार और प्रेम कुमार के बीच में विवाद हो गया। इस विवाद के चलते जेसीटीओ पवन कुमार ने जब छानबीन की ताे जानकारी मिली की प्रेम कुमार वर्ष 2019-20 की जीएसटी रिटर्न फाइल नहीं की है।
आराेप है कि इस पर जेसीटीओ ने जीएसटी रिटर्न फाइल नहीं भरने के मामले को लेकर प्रेम कुमार को पेनल्टी लगाने की धमकी देने लगा। जीएसटी फाइल रिटर्न नहीं भरने पर लगने वाली पेनल्टी से बचाने के लिए 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की।
गबन व भ्रष्टाचार का दाेषी ग्राम सचिव के खिलाफ साल बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
66 आरबी पंचायत का मामला
रायसिंहनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत 66 आरबी में 54 लाख 43 हजार 860 रुपए के भ्रष्टाचार व गबन के दाेषी पाए जाने के एक साल बाद भी दाेषी ग्राम सचिव गुरमीत सिंह के खिलाफ जिला परिषद की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है। इस मामले में भ्रष्टाचार निराेधक ब्यूराे में पी भी दर्ज है। वर्तमान में यह ग्राम सचिव पांच टीके पंचायत में कार्यरत है।
ग्रामीणाें की शिकायत पर 22 अक्टूबर 2018 काे जिला परिषद की तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिन्मयी गाेपाल ने एक्सईएन प्रेम सुंदर अग्रवाल, लेखाधिकारी मनाेज माेदी, सहायक लेखाधिकारी विजय कुमार एएसओ दलीप जाखड़ व मनरेगा समन्यक सुनील झाेरड़ के रूप में कमेटी गठित करते हुए 66 आरबी पंचायत में करवाए गए 30 विकास कार्याें काे भाैतिक सत्यापन करवाया और पंचायत के रिकाॅर्ड की जांच करवाई।
कमेटी की ओर से की गई जांच में निर्माण कार्य तय मापदंड के अनुसार नहीं पाए गए तथा घटिया स्तर का निर्माण कार्य पाया गया। इसके अलावा रिकाॅर्ड में भी भारी खामियां पाई गईं। कई कार्य माैके पर हुए ही नहीं तथा सरकारी खजाने से राशि उठाना प्रमाणित हुआ। जांच कमेटी ने दिसंबर 2018 में इस मामले की जांच रिपाेर्ट सीईओ काे साैंपी।
इसमें ग्राम सचिव काे 32 लाख के गबन सहित कुल 54 लाख 43 हजार 860 रुपए के भ्रष्टाचार का दाेषी माना। इस मामले में सीईओ ने आगे कार्रवाई करते हुए दाेषी ग्राम सचिव काे 16 सीसी की चार्जशीट साैंपी तथा वसूली के लिए नाेटिस जारी किए। इस मामले में कार्रवाई नहीं हाेने के संबंध में जिला परिषद के सीईओ से संपर्क किया गया, लेकिन उन्हाेंने फाेन रिसीव नहीं किया।
वार्ड 44 में 28 के मुकाबले 9 सफाई कर्मचारी ही काम करते मिलने की शिकायत को लेकर कांग्रेस पार्षद सोमवार को मेयर जीएस टांक और आयुक्त अंकित सिंह से मिले।
वार्ड पार्षद संजय भगतानी ने कहा कि उन्होंने रविवार को वार्ड की सफाई देखी तब कर्मचारी कम काम करते मिले। अधिकारियों की जानकारी दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस पार्षदों ने वार्डों में पूरे सफाई कर्मचारी लगाने की सख्ती पर जोर दिया है।
मेनार गांव के पास हाईवे पर मिले साेने-चांदी से भरे बैग काे थाने में लाैटा कर खेराेदा के माेगजी का खेड़ा निवासी हरलाल मेघवाल ने ईमानदारी का परिचय दिया है।
थानाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि हरलाल अपने गांव से बाइक पर मेनार की तरफ जा रहे थे कि हाईवे पर एक बैग मिला, जिसमें साेने-चांदी के जेवर थे। हरलाल के परिचित एसपी अाॅफिस में कार्यरत कांस्टेबल से मिले। कांस्टेबल ने उच्चाधिकारियाें से मिलवाने के बाद भूपालपुरा थाने में भेजा। संजय शर्मा ने बताया कि जिसके भी जेवर हैं, वह थाने में संपर्क कर सकता है।
दो महिला न्यायिक अधिकारियों के पॉजिटिव आने के बाद 224 न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल की रिपोर्ट सोमवार शाम को आई। राहत की बात यह रही कि एक जज को छोड़कर बाकी सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। संक्रमित जज को छोड़कर बाकी सभी को मंगलवार से नियमित रूप से ड्यूटी पर आने के जिला व सेशन न्यायाधीश नरसिंह दास व्यास ने आदेश दिए हैं।
दाेनाें महिला न्यायिक अफसरों की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई थी। इसके एक दिन पहले ही दाेनाें ने जिला व सेशन न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुई न्यायिक अधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया था। इससे जाेधपुर मेट्रो में कार्यरत सभी न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था। एहतियात के तौर पर रविवार को 224 न्यायिक अफसरों व कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट करवाया गया।
जिला और सेशन जज ने सोमवार दोपहर तक रिपोर्ट नहीं आने से सीएमएचओ की सलाह पर सभी न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों को रिपोर्ट निगेटिव आने तक होम क्वारेंटाइन रहने के आदेश दिए थे। इससे 58 अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक अधिकारियों के नहीं आने से काम प्रभावित हुआ।हालांकि एडीजे सिद्धार्थदीप व एसीजेएम तीन अंबिका ने खुद के मामलों के अलावा अन्य कोर्ट के अर्जेंट केस की सुनवाई की।
यह दोनों अफसर दो दिन पहले हुई न्यायिक अधिकारियों की मीटिंग में मौजूद नहीं थे, इसलिए इन्हें बुलाया गया था। उधर, सोमवार शाम को एक जज को छोड़कर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर राहत की सांस ली है। जिला व सेशन न्यायाधीश ने उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को अपने नजदीकी चिकित्सालय में जांच करवाने तथा निगेटिव रिपोर्ट आने तक होम क्वारेंटाइन रहने के आदेश दिए हैं।
हिरणमगरी मेन राेड काे स्मार्ट राेड बनाने के लिए चल रहे काम से बाद में लाेगाें काे परेशानी हाेने की शिकायत पर साेमवार काे निगम के इंजीनियर माैके पर पहुंचे। लाेगाें ने जाे आशंका जताई, वह सही मिलने पर फिलहाल यह काम रुकवा दिया गया है। पार्षद मुकेश शर्मा के मुताबिक लाेगाें का कहना है कि स्मार्ट राेड के किनारे साइकिल ट्रैक और फुटपाथ बनाया जा रहा है।
इससे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के आगे बारिश का पानी भरने की समस्या बन सकती है। क्षेत्रवासियाें ने संभावित परेशानी काे लेकर नाराजगी भी जताई। पता लगने पर इस प्राेजेक्ट से जुड़े निगम के एक्सईएन मनीष अराेड़ा, महेंद्र समदानी माैके पर पहुंचे और स्थिति देखी। ठेेकेदार की टीम से नक्शा मंगवाकर काम की तकनीकी जानकारी ली गई। पार्षद ने बताया कि निगम के इंजीनियर भी इस बात से सहमत हुए कि यहां बारिश का पानी भर सकता है। ऐसे में ठेकेदार काे फिलहाल आगे काम नहीं करने काे कहा है।
पेट्राेल-डीजल की बढ़ती कीमताें के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस का प्रदर्शन औपचारिक ही रहा। पौन घंटे में यह सब खत्म हो गया। कई कार्यकर्ता तो ज्ञापन दिए जाने के बाद पहुंचे। जो पहुंचे, वे भी पदाधिकारियों के साथ सेल्फियां लेते रहे।
सुबह सवा 10 बजे कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन आहूत था। कार्यकर्ता-पदाधिकारियों का आना साढ़े 10 बजे शुरू हुआ। शहर जिलाध्यक्ष गाेपाल शर्मा और देहात अध्यक्ष लालसिंह झाला के नेतृ़त्व में कुछ देर कीमताें में बढ़ाेतरी के खिलाफ नारे लगाए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि पेट्राेल-डीजल की कीमतें एक साथ और लगातार बढ़ी हैं।
एक तरफ लाॅक डाउन से लोग वैसे ही चिंतित हैं, दूसरी तरफ पेट्राेल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। आमजन को न घर में राहत है, न बाहर। इस प्रदर्शन के बाद करीब 11 बजे एडीएम संजय कुमार काे ज्ञापन साैंपा गया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. गिरिजा व्यास, सीडब्ल्यूसी सदस्य रघुवीर मीणा, खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार, पूर्व विधायक सज्जन कटारा, मांगीलाल गरासिया, पूर्व शहर अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा और विवेक कटारा भी माैजूद थे। इधर किसान कांग्रेस के सद्दाम हुसैन और कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त संभागीय आयुक्त काे ज्ञापन साैंपा। बता दें कि यह प्रदर्शन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर हुआ था।
जल्दबाजी ऐसी कई कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही दे दिया ज्ञापन
लंबे समय बाद कांग्रेस का कलेक्ट्री बाहर यह प्रदर्शन था। जनता से जुड़ा देश का सबसे बड़ा मुद्दा हाेेने के बावजूद नारेबाजी में भी वाे जाेश नहीं दिखा, जाे कि विपक्ष के प्रदर्शन में अमूमन नजर अाता है। कई कार्यकर्ता पदाधिकारियों के साथ सेल्फी लेने में ज्यादा सक्रिय दिखे।
जल्दबाजी भी इतनी रही कि कई कार्यकर्ता कलेक्ट्री बाहर पहुंचे, तब तक ताे पदाधिकारी एडीएम काे ज्ञापन देकर कलेक्ट्री से बाहर आ चुके थे और यहां ठहरे कार्यकर्ता भी रवाना हाेना भी शुरू हाे गए थे। कार्यकर्ता इस उम्मीद से थोड़ी देरी से पहुंचे थे कि धरना दोपहर तक चलेगा। जयपुर सहित अधिकांश जगह दोपहर तक धरना चला।
टेंट तो दूर, माइक भी नहीं लगा सके, गर्मी ज्यादा होने से कार्यकर्ताओं में जोश कम रहा
हमने प्रशासन से धरने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अधिकारियों कहना था कि साेशल डिस्टेंस रहे ताे ठीक रहेगा। धरना देते ताे टेेंट भी लगाते। उसमें भीड़ बैठती ताे साेशल डिस्टेंस की पालना नहीं हाे पाती। इसलिए मैंने और देहात अध्यक्ष ने टेंट नहीं लगाना तय किया। रही बात जोश की तो गर्मी ज्यादा हाेने से कार्यकर्ताओं में जाेश कम रहा। प्रशासन ने माइक लगाने से भी मना किया था। माइक लगता ताे भी भाषण से जाेश आ जाता। हमें ताे जनता काे मैसेज देना था, वह देने का प्रयास किया है।
रातानाडा थाना इलाके की कर्मचारी कॉलोनी के एक मकान में घुसकर बदमाशों ने मारपीट व तोड़फोड़ की। रातानाडा पुलिस ने बताया कि मामले को लेकर रवि पुत्र गुलाब गोयल की ओर से रिपोर्ट देकर बताया कि रविवार शाम को वह और उसका भाई अरुण दोनों घर पर अकेले थे।
पौने सात बजे घर के बाहर एक कार में 5-6 जने आए और दरवाजा खटखटाया, नहीं खोलने पर दरवाजा तोड़ अंदर घुसे और मारपीट करनी शुरू कर दी। दोनों ने मुकाबला किया तो दो जने वापस बाहर गए और रॉड व चाकू लेकर आए।
बदमाशों ने चाकू दिखा जान से मारने की धमकी दी। दोनों भाई ऊपर की मंजिल पर भाग गए और बाथरूम में छिप गए। बाथरूम से परिजनों को कॉल किया। परिजन पहुंचते उससे पहले बदमाश भाग गए। राहुल, बजरंग, रजत व शुभम सहित अन्य के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ व जयपुर पीठ, अधीनस्थ अदालतों व ट्रिब्यूनल में बहस के दौरान फेस मास्क के अलावा वकील व परिवादी अब फेस शील्ड भी लगा सकेंगे। गत 12 जून को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार वकीलों को कोरोना महामारी के चलते कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान काला कोट व गाउन पहनने से छूट दी गई थी। साथ ही फेस मास्क या फेस कवर लगाना अनिवार्य किया गया।
रजिस्ट्रार जनरल ने एक और नोटिफिकेशन जारी कर अब वकीलों व परिवादियों को कोर्ट रूम में बहस करने के दौरान फेस मास्क के अलावा फेस शील्ड लगाने की भी अनुमति दी है। उल्लेखनीय है कि 29 जून से हाईकोर्ट खुल गया है और कोरोना से बचाव के लिए एहतियात के तौर पर सारे कदम उठाए जा रहे हैं।
हाईकोर्ट के आदेश की पालना में राज्य सरकार के नगर निगम उत्तर व नगर निगम दक्षिण में अलग-अलग प्रशासक की नियुक्ति और पदभार संभालने के चार दिन बाद भी मंत्रालयिक व सफाई कर्मचारियों का कार्य विभाजन तय नही हो पाया। कर्मचारियों की विकल्प सहित सूची तैयार कर ली गई है, लेकिन आईएएस एसके ओला के दफ्तर नहीं आने से उस पर मोहर लगना बाकी है।
उत्तर नगर निगम के प्रशासक अयूब खान ने सूची का अवलोकन कर दक्षिण के प्रशासक ओला के पास भिजवा दी है, संभवतया मंगलवार या बुधवार को कर्मचारियों व सफाई कर्मचारियों के भी कार्य विभाजन की सूची जारी हो सकती है। इधर, उत्तर निगम के प्रशासक अयूब खान की देखरेख में सोजती गेट स्थित निगम के पुराने कार्यालय में रंग-रोगन व कमरों की साज-सज्जा का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
खान सोमवार को इसकी तैयारियों का जायजा लेने पुराने निगम कार्यालय पहुंचे और उत्तर के कार्यालय अधीक्षक सलामतउल्ला से जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय के लिए फर्नीचर व अन्य जरूरत की चीजों की खरीद करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुराने निगम में संचालित सुमेर लाइब्रेरी को कमरे व सभा कक्ष खाली करने का नोटिस देने के निर्देश भी जारी किए।
निगम उत्तर-दक्षिण के अलग-अलग कार्यालय, अलग प्रशासक व अधिकारियों के कार्य विभाजन के बावजूद निगम की ढीली कार्यशैली के चलते पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर निगम के नए भवन और सोजती गेट के पुराने भवन और निगम के उप सफाई, गैराज और अन्य भवनों पर उत्तर-दक्षिण निगम बोर्ड नहीं लग पाए और न हीं वाहनों व कमरों पर लगाई नाम-पदनाम पट्टिकाएं बदली गई। इधर, खान ने बताया कि साइन बोर्ड व पट्टिकाएं लगाने के निर्देश दिए हैं। निगम के पुराने भवन में बैठक आज
निगम उत्तर के प्रशासक अयूब खान की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह 11 बजे सोजती गेट पुराना निगम परिसर में बैठक बुलाई है। इसमें निदेशालय जयपुर की ओर से निगम उत्तर में पदस्थापित अधिकारियों को उपस्थित रहने को कहा गया है।
संक्रामक रोग संस्थान के रिनोवेशन, रिमॉडलिंग व अपग्रेडेशन का काम भी कोरोना के चलते प्रभावित हुआ। इस काम को पूरा नहीं किया जा सका। एक सप्ताह में मीटिंग आयोजित कर प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश करने का आग्रह किया। इसे स्वीकार कर हाईकोर्ट जस्टिस संगीत लोढ़ा व रामेश्वर व्यास की खंडपीठ ने कहा कि फिजिकल मीटिंग संभव नहीं हो तो वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से मीटिंग करवा ली जाए। याचिका पर अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी।
संक्रामक रोग संस्थान के रिनोवेशन व अपग्रेडेशन को लेकर स्वप्रेरणा से प्रसंज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज की गई थी। कोर्ट ने पिछले साल इसके रिनोवेशन, रिमॉडलिंग व अपग्रेडेशन का काम करवाने के आदेश दिए थे। साथ ही इस काम की मॉनिटरिंग के लिए गत 14 दिसंबर को एक कमेटी भी गठित की थी। कोरोना के चलते कमेटी की मीटिंग नहीं हो पाई। एएजी पंकज शर्मा ने कहा कि एक सप्ताह में मीटिंग आयोजित करवाकर वे इस प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश कर देंगे। कोर्ट ने इस आग्रह को स्वीकार कर लिया।
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से एमबीए फाइनल ईयर की परीक्षाएं 6 जुलाई से आयोजित की जाएगी। उधर, कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्टूडेंट्स ने परीक्षा को स्थगित करने की मांग की है। स्टूडेंट्स एक के प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
छात्रों ने वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए परीक्षा को स्थगित करने की मांग रखी है। छात्रों ने बताया कि एमबीए के अधिकांश छात्र राजस्थान के बाहरी क्षेत्र से हैं। उधर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचडी चारण ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार एमबीए फाइनल ईयर टाइम टेबल जारी किया गया है।
चार बच्चाें की मां काे बंदूक दिखाकर दुष्कर्म करने और अश्लील क्लिप वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की ओर से सदर थाना पुलिस काे दी गई रिपाेर्ट में बताया गया है कि उसकी शादी 16 साल पहले हुई थी और चार बच्चे हैं। तीन साल पूर्व मुहर्रम पर महाजन में वार्ड संख्या 15 निवासी पठान खान बीकानेर उसके घर आया और बंदूक दिखाकर पति और बच्चाें काे जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
उसने अश्लील क्लिप बना ली और साेशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पति के काम पर जाने के बाद घर आकर दुष्कर्म करता। धमकाकर उसने रहने के लिए परिवार सहित महाजन बुला लिया और मनमानी करता रहा। परेशान हाेकर वह 25 जून काे वापस बीकानेर आ गई। 27 जून काे आराेपी फिर बंदूक लेकर उसके घर पहुंच गया और धमकी देकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आराेपी के खिलाब मुकदमा दर्ज किया है जिसकी जांच एसआई माेहरसिंह करेंगे।
देश अनलाॅक हाेने के साथ ही भले ही बसाें का संचालन शुरू हाे गया है। मगर लाेगाें की जिंदगी अभी पटरी पर नहीं लाैटी है। यह वजह है कि राेडवेज की बसें चुनिंदा रूटाें पर हैं, ताे ऐसा ही हाॅल प्राइवेट बसाें का है। कारण काेराेना का डर हर किसी के मन है। नाइट सर्विस किसी वक्त में जयपुर के लिए रात में करीब 40 से 50 चलती थी, जाे अब पूरे दिन में अब चार-पांच बसें ही चलती है।
बीकानेर बस ऑपरेटर एसाेसिएशन के अध्यक्ष समुंद्रसिंह राठाैड़ ने बताया कि वर्तमान में जयपुर रूट पर चार-पांच, अहमदाबाद के लिए तीन, सूरत, दिल्ली, हरिद्वार, आगरा, जालंधर, लुधियाना के लिए एक-एक ही नाइट सर्विस चल रही है। पहले इन रूटाें पर काफी बसें चलती थी, जाे चल रही हैं। उन बसाें में यात्री 30 से 35 प्रतिशत रह गए है। कुछ रूटाें का हाल एेसा है, जिन पर खर्चा भी नहीं निकल रहा है।
सोमवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब संक्रमितों की संख्या 697 हो गई है। हिरणमगरी सेक्टर-7 निवासी उदयपुर ग्रामीण की पूर्व विधायक वंदना मीणा में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि पूर्व विधायक मीणा को पेसिफिक हॉस्पिटल उमरड़ा में भर्ती कराया गया है। वे फिलहाल असिमटोमेटिक हैं।
तीन दिन पहले वंदना के पड़ोस के जिस घर में कोरोना संक्रमित मिला था, उस घर में वे 10-15 दिन पूर्व गमी होने की वजह से शोक व्यक्त करने गई थीं। अब इनके परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में सैंपलिंग की गई है। इसके अलावा सराड़ा में भी एक और कोरोना संक्रमित निकला है। सभी संक्रमितों को पेसिफिक हॉस्पिटल उमरड़ा भर्ती कराया गया है। उदयपुर में दो दिन में 16 कोरोना मरीज मिलने से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है, क्योंकि अनलॉक के तीन दिनों को छोड़कर शेष सभी दिनों में कोरोना मरीज मिले हैं।
हैल्थ अलर्ट ... संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है, घरों से निकलें तो सोशल डिस्टेंस-हैंड सेनेटाइजेशन जरूर करें
उदयपुर में रविवार को एक साथ 14 पॉजिटिव मरीज मिले थे। इससे पहले इसी महीने एक ही दिन में 20 संक्रमित निकले। सिटी कोविड प्रभारी डॉ. एसएल बामनिया का कहना है कि शहरवासी अतिआवश्यक होने पर सोशल डिस्टेंसिंग और हैंड सेनेटाइजेशन के इंतजामों के साथ ही घरों से बाहर निकलें।
वापस घर पहुंचने पर कपड़ों को अच्छे से गर्म पानी में धोएं और स्नान करें ताकि खुद के साथ-साथ परिवारजन सुरक्षित रह सकें। अब अनलॉक में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ईएसआईसी अस्पताल चित्रकूट नगर, टाउनहॉल, सूरजपोल आदि क्षेत्रों में सैंपलिंग की गई। अब तक 697 में से 635 मरीज निगेटिव हो चुके हैं। 618 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। अब एक्टिव केस 57 बचे हैं। अब तक चार मरीजों की मौत हो चुकी है।
तीन क्षेत्रों में कर्फ्यू
घंटाघर थाने क्षेत्र के जगन्नाथ कॉम्पलेक्स (माथुरों की गली), हिरण मगरी थाना क्षेत्र के सेक्टर 4 के कुंभानगर गली नंबर 2 और सूरजपाेल थाना क्षेत्र के जवाहर नगर (पटेल सर्कल के पास) में कर्फ्यू के आदेश जारी किए हैं। कर्फ्यू 12 जुलाई तक लागू रहेगा।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सभी रूटों पर बसें शुरू कर दी है। आगार प्रबंधक महेश उपाध्याय ने बताया कि उदयपुर डिपो की 36 बसों का संचालन हो रहा है।
सबसे ज्यादा यात्री भार जयपुर रूट पर है। बाकी दूसरे रूट पर भी अच्छी खासी संख्या में यात्री भार देखा जा रहा है। इसके साथ ही ऑनलाइन टिकट बुक कराने पर 5 प्रतिशत कैशबैक मिल रहा है।
कृषि विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स को अब विषय वार स्वर्ण पदक मिलेंगे। बोम की बैठक में इस संबंध में निर्णय हुआ है। बैठक के दौरान 1 जुलाई 2018 से 31 दिसम्बर 2019 तक डिग्रियों का अनुमोदन किया गया। आगामी दीक्षांत समारोह में यह डिग्रियां विद्यार्थियों को वितरित की जाएंगी। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल की बैठक ऑनलाइन माध्यम से सोमवार को कुलपति प्रो.आरपी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक मे 4 सितम्बर 2019 को आयोजित प्रबंध मंडल की 103वीं बैठक के कार्यवृत्त और इस पर की गई कार्यवाही का अनुमोदन किया गया। विश्वविद्यालय के वित्तीय वर्ष 2020-21 के बजट तथा वित्त समिति के कार्यवृत्त के साथ ही विश्वविद्यालय के वर्ष 2020-21 के आय व्यय अनुमान, वर्ष 2019-20 के संशोधित अनुमान एवं वर्ष 2018-19 की संशोधित बैलेंस सीट का अनुमोदन किया गया।
ऑनलाइन बैठक में श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के डाॅ. बजरंग ककरालिया, राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो.एचएस शर्मा, कुलसचिव कपूर शंकर मान, वित्त नियंत्रक बीएल सर्वा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के नाॅमिनी डाॅ. रामकेवल सिंह, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त इंदीवर दूबे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
श्रीगंगानगर के कृषि विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता का पदभार प्रो. राजेश शर्मा को
राज्य सरकार द्वारा श्रीगंगानगर में शुरू किए गए नए कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता का पदभार प्रो. राजेश शर्मा को देखने के लिए आदेश जारी किए गए हैं।