
दक्षिण निगम के रविवार काे हाेने वाला मतदान कांग्रेस व भाजपा के लिए असली परीक्षा का दिन है। दक्षिण निगम में दिग्गजों का दंगल होगा। यहां तीसरी व चौथी बार मैदान में उतरे पूर्व पार्षदों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां भाजपा वार्डों में टिकट देने से लेकर प्रचार के मामले में कांग्रेस से बढ़त बनाए हुए है। हालांकि टिकट बंटवारे में कार्यकर्ताओं के मन मे उपजी नाराजगी से भाजपा को भीतरघात का भय है। वहीं कांग्रेस अभी भी अंदरूनी लड़ाई से नहीं उबर पा रही है।
मेयर दावेदारी करने वाले चेहरों की कमी से कांग्रेस में चल रही खींचतान का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा के पास मेयर के दावेदारों के गिनाने के लिए 6 चेहरे हैं, लेकिन कांग्रेस के पास सिर्फ एक ही चेहरा है। हालांकि भाजपा व कांग्रेस दोनों का ही कहना है कि अभी पार्षदों के लिए मतदान होना है। यह अंकगणित किसकी पूरी होती है, इसके बाद मेयर के चेहरों की तलाश करेंगे। हालांकि अंदरखाने दोनों ही दलों ने चेहरों की तलाश कर लॉबिंग भी करना शुरू कर दिया है।
दक्षिण में मेयर के दावेदार
आरएसएस व भाजपा की पृष्ठभूमि वाली इंद्रा राजपुरोहित वार्ड नंबर एक से, कॉनकोर निदेशक व महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष वनिता सेठ वार्ड नंबर 16 से, शेखावत खेमे से सीमा माथुर वार्ड नंबर 13 से, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की नजदीकी व माहेश्वरी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली डॉ. नीलम मूंदड़ा वार्ड नंबर 71 से, राजपूत समाज की भंवर कंवर वार्ड 74 से तो घांची समाज से डॉ. संजू सोलंकी भी वार्ड 33 से मैदान में हैं। जबकि कांग्रेस से वार्ड 40 से चुनाव लड़ रही भारती शर्मा ही मेयर पद की प्रमुख दावेदार हैं। भारती बीकानेर के पूर्व महापौर रहे और मुख्यमंत्री के चहेते लोगों की सूची में शामिल हैं।
नेताओं की असली परीक्षा दक्षिण में
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, पूर्व सांसद जसवंतसिंह विश्नोई, पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, देवेंद्र सालेचा के अलावा अतुल भंसाली, प्रसन्नचन्द मेहता सहित कई नेताओं ने अपने चहेतों को टिकट दिलाने के लिए असली कार्यकर्ताओं का गला घोंटा, अब इन नेताओं की असली परीक्षा होगी। हालांकि उत्तर निगम में वोटिंग के बाद सामने आ रहे एग्जिट पोल से घबराई भाजपा अब दक्षिण में 1-1 वोट जुटाने के साथ 1-1 सीट जिताने के लिए नाराज कार्यकर्ताओं को भी मनाने का भरसक प्रयास में लगी है, लेकिन यहां भी स्पष्ट बहुमत के आंकड़े से अभी दूर है।
वार्ड जीतना अब इनके लिए चुनाैती
भाजपा के अमरलाल वर्गी 2 बार जीते, एक बार पत्नी भी पार्षद रही, अब फिर मैदान में है। किशोरसिंह टाक दो बार चुने गए, अब पत्नी राधा टाक को उतारा। प्रदीप बेनीवाल दो बार पार्षद रहे, अब उसी वार्ड के एक हिस्से से चुनाव लड़ रहे। देवीलाल जांगिड़ खुद भी और पत्नी भी पार्षद रहीं, इस बार फिर मुकाबले में हैं।
इसी प्रकार चैनसिंह इंदा, रामस्वरूप प्रजापत भी दूसरी बार मैदान में हैं। वहीं तीन बार चुनाव लड़कर दो बार पार्षद रहे गणपतसिंह चौहान भी चौथी बार मैदान में हैं। आईदानराम दो बार पार्षद रहे, तीसरी बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। सुरेंद्र कंवर व पति मूलसिंह पार्षद रहे, खुद दूसरी बार मैदान में हैं। लक्ष्मण नायक, योगेश गहलोत भी दूसरी बार चुनाव मैदान में है। इनके सामने खुद के वार्ड से टूटकर बने नए वार्ड में युवा व नए चेहरों के सामने चुनाव लड़ना चुनाैती बना हुआ है।
कुल वोटर्स 3,04,056
पुरूष 1,76,006
महिला 1,64,046
कुल प्रत्याशी
312
दक्षिण कुल बूथ
541
हार के डर से जोधपुर नहीं आए गहलोत: शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि हार के डर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नगर निगम चुनाव में जोधपुर नहीं आए। शेखावत ने दक्षिण नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपनी चुनावी सभाओं में यह बात कही। शेखावत ने कहा, इस बार चुनाव में कांग्रेस ने खुद हार मान ली है। हार का डर था, इसलिए वार्डों के टुकड़े किए। पिछली बार निगम चुनाव में गहलोत बराबर मीटिंग लेने आए थे।
निगम दक्षिण-थमा प्रचार, अंतिम दिन रैलियाें में झाेंकी ताकत
नगर निगम दक्षिण के लिए 1 नवंबर को होने जा रहे मतदान के लिए शुक्रवार शाम 5:30 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने पूरा दम लगाया। हर घर के मतदाता से संपर्क कर अपने लिए समर्थन जुटाने का प्रयास किया। निगम दक्षिण के लिए 80 सीटों के लिए मैदान में डटे 312 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला शहर के मतदाता कल करने जा रहे हैं। इनमें भाजपा व कांग्रेस के 160 उम्मीदवार भी शामिल हैं। अब शनिवार को मतदान दल अपने बूथों पर पहुंच उन्हें सजाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम प्रथम) एमएल नेहरा ने बताया कि चुनाव के लिए मतदान दल शनिवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज से रवाना होंगे।
दिनभर वाहन रैलियों का रेला : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को दिन भर प्रत्याशियाें ने अपने समर्थकों के साथ दम लगाया। नगर निगम दक्षिण में शहर का बाहरी इलाका होने के कारण प्रत्याशियाें ने वाहन रैलियां ज्यादा निकालीं। वहीं मतदाताओं से संपर्क साधने के लिए घर जाकर अनुरोध किया। वहीं बड़े नेताओं ने सभाओं काे संबोधित किया।
भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपने चुनावी कार्यालयों से आईटी टीम के माध्यम से मतदाताओं से मोबाइल पर सीधा संपर्क किया और वोट देने की अपील की। वार्ड छोटे होने के कारण प्रत्याशियाें के काफिले में दस से बीस खुले वाहन शामिल थे। ये नारेबाजी करते हुए और वोट देने की अपील करते दिखे। इसके साथ ही निगम चुनाव प्रचार थम गया। अब साइलेंट होकर उम्मीदवार अपने वोट की उम्मीद से प्रत्याशियों से संपर्क करेंगे।
वैभव का 7 वार्डों में जनसंपर्क, हनुमान की 3 सभाएं, शेखावत ने ली 10 बैठकें

कांग्रेस : चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस की चुनाव कमान संभाल रहे लोकसभा प्रत्याशी रहे व आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत ने धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने शहर विधायक मनीषा पंवार के साथ 7 वार्डों में जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। वैभव ने वार्ड संख्या 40 में सरस्वती नगर, वार्ड 52 में सिंधी कॉलोनी, वार्ड संख्या 50 में एच सेक्टर शास्त्रीनगर, वार्ड 62 में एयरफोर्स अफसर मैस के सामने, वार्ड संख्या 61 में एयरफोर्स क्षेत्र में सभाओं को संबोधित कर समर्थन मांगा।

आरएलपी: नगर निगम दक्षिण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आर एलपी की शहर में तीन सभाएं आयोजित की गईं। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शहर के सारण नगर के वार्ड संख्या 2, मधुबन के वार्ड संख्या 8 और भगत की कोठी में वार्ड संख्या 4 में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए चुनावी सभाओं को संबोधित किया। बेनीवाल ने यहां से चुनाव मैदान में उतरे अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा।

भाजपा: केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत प्रतापनगर क्षेत्र में इंद्रा राजपुराेहित, चाैहाबाे क्षेत्र में नरेंद्र फितानी, सीमा माथुर, वनिता सेठ, पदमसिंह राजपुरोहित, पुरुषोत्तम आचार्य के पक्ष में रैलियों में शामिल हुए। नंदकिशोर के पक्ष में संबोधन दिया। वार्ड 48, 49, 50, 51, 52 के प्रत्याशियों के पक्ष में रैली और सभा को संबाेधित किया। वार्ड 46 में राकेश बागरेचा के साथ पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने भाजपा की सुगनी देवी के पक्ष में प्रचार किया। शेखावत ने चैनसिंह, भीमराज, भंवर कंवर, रवि पंवार के पक्ष में संपर्क किया। शेखावत ने 20 वार्ड में 10 बैठकें और 10 सभाएं कीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/jodhpur/news/bjp-has-only-one-face-to-count-6-faces-of-women-mayor-congress-congress-south-end-campaigning-tableau-strength-in-last-day-rallies-127866741.html